नई दिल्ली। पुडुचेरी की मशहूर मॉडल और 2021 की मिस पुडुचेरी सैन रेचल गांधी ने 26 साल की उम्र में आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना 13 जुलाई 2025 को हुई, जब सैन ने नींद की गोलियों की अधिक मात्रा ले ली। पुलिस के अनुसार, सैन 5 जुलाई को अपने पिता के घर गई थीं, जहां उन्होंने यह कदम उठाया।
उन्हें पहले पुडुचेरी सरकारी अस्पताल, फिर एक निजी अस्पताल और अंत में जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (JIPMER) ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें सैन ने लिखा कि उनकी मृत्यु के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।
सैन रेचल का असली नाम शंकरा प्रिया था
सैन रेचल का असली नाम शंकरा प्रिया था। उसने मॉडलिंग की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने 2019 में मिस डार्क क्वीन तमिलनाडु और 2021 में मिस पुडुचेरी का खिताब जीता था। इसके अलावा, उन्होंने लंदन, जर्मनी और फ्रांस में अंतरराष्ट्रीय मॉडलिंग प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया। सैन ने फैशन इंडस्ट्री में रंगभेद के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई और गहरे रंग की त्वचा वाली महिलाओं के लिए समावेशिता की वकालत की। उन्होंने 2021 में मिस वर्ल्ड ब्लैक ब्यूटी का खिताब भी जीता था।
सैन की मां का बचपन में हो गया था निधन
सैन की मां का निधन बचपन में ही हो गया था, और उनके पिता ने उन्हें अकेले पाला। पिता ने उनकी मॉडलिंग के सपनों को पूरा करने में साथ दिया। हालांकि, हाल के महीनों में सैन आर्थिक तंगी और डिप्रेशन से जूझ रही थीं। पुलिस के अनुसार, उन्होंने अपने गहने बेच दिए थे ताकि अपने करियर को आगे बढ़ा सकें। जांच में यह भी पता चला कि सैन ने अपने पिता से आर्थिक मदद मांगी थी, लेकिन उन्हें मदद नहीं मिली।
पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उनकी हाल की शादी से जुड़े कोई निजी मुद्दे भी इस फैसले का कारण थे। सैन की मृत्यु ने मानसिक स्वास्थ्य और फैशन इंडस्ट्री में दबाव जैसे मुद्दों पर चर्चा को फिर से शुरू कर दिया है।