राघव चड्ढा Gen-Z पार्टी बनाएंगे? AAP सांसद ने दिए संकेत; इंस्टाग्राम रील से अटकलें तेज

राघव चड्ढा Gen-Z पार्टी बनाएंगे

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और पार्टी नेतृत्व के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक नई बहस छिड़ गई है। राघव चड्ढा ने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की, जिसमें कंटेंट क्रिएटर ‘Seedhathok’ (रिहान) ने सुझाव दिया कि वे अपनी खुद की Gen-Z पार्टी बनाएं। राघव ने इस रील को “इंटरेस्टिंग थॉट” यानी दिलचस्प विचार बताया, जिससे नई पार्टी बनाने की अटकलें जोर पकड़ गई हैं।

रील में कहा गया कि युवा और आम लोग चाहते हैं कि राघव चड्ढा अपनी पार्टी बनाएं। अगर वे किसी दूसरी पार्टी में चले गए तो इतना समर्थन नहीं मिलेगा, लेकिन अपनी पार्टी से युवाओं का भारी समर्थन मिलेगा। रील को हजारों लाइक्स और कमेंट्स मिले हैं।

पंजाब से जुड़े मुद्दों पर एक वीडियो भी जारी किया

राघव चड्ढा ने हाल ही में पंजाब से जुड़े मुद्दों पर एक वीडियो भी जारी किया। उन्होंने ननकाना साहिब कॉरिडोर, किसानों को कानूनी गारंटी, पंजाब में भूजल संकट और भगत सिंह को भारत रत्न देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा, “पंजाब मेरे लिए सिर्फ मुद्दा नहीं, घर और जिम्मेदारी है। यह सिर्फ ट्रेलर है, पूरी तस्वीर अभी बाकी है।”

राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता के पद से हटा दिया गया

पार्टी के अंदर रिफ्ट की शुरुआत तब हुई जब AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता के पद से हटा दिया और उनकी जगह अशोक कुमार मित्तल को नियुक्त कर दिया। पार्टी ने उन्हें बोलने का कोटा भी रोक दिया। संजय सिंह, आतिशी और सौरभ भारद्वाज जैसे नेताओं ने आरोप लगाया कि राघव पंजाब के मुद्दों को मजबूती से नहीं उठा रहे, मोदी-बीजेपी के खिलाफ बोलने से बचते हैं और अपनी छवि बनाने में लगे हैं।

राघव चड्ढा ने जवाब में कहा था कि उन्हें चुप कराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उनकी चुप्पी को हार न समझा जाए। उन्होंने संसद में गिग वर्कर्स, छात्र ऋण माफी, मेंस्ट्रुअल हेल्थ और पितृत्व अवकाश जैसे युवा मुद्दों को भी उठाया है।

राघव चड्ढा युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं। उनके भाषण सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। अभी तक उन्होंने नई पार्टी बनाने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनकी हालिया गतिविधियों ने AAP के अंदरूनी मतभेदों को और उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *