नई दिल्ली। NTA महानिदेशक अभिषेक सिंह ने री-नीट 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि रिजल्ट जितनी जल्दी संभव हो उतनी जल्दी जारी कर दिया जाएगा। परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है। देशभर में 22 लाख से ज्यादा छात्रों की परीक्षा को लीक-प्रूफ बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की मदद ली गई थी।
अभिषेक सिंह ने सोशल मीडिया खासकर टेलीग्राम चैनलों पर वायरल हो रही पेपर लीक और धांधली की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ये फर्जी अफवाहें फैलाकर छात्रों को गुमराह किया जा रहा है। परीक्षा के दौरान नकल की कई कोशिशें की गईं, लेकिन मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था ने उन्हें नाकाम कर दिया।
परीक्षा CBT मोड में कराने की भी जानकारी दी
NTA चीफ ने भविष्य की नीट परीक्षाओं को CBT (कंप्यूटर आधारित) मोड में कराने की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेन-पेपर मोड से धीरे-धीरे डिजिटल मोड की ओर शिफ्ट होगा, जिससे परीक्षा और पारदर्शी बनेगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे फर्जी खबरों से बचें और आधिकारिक अपडेट का इंतजार करें।
