AAP विधायक अमानतुल्लाह खान 4 दिन की ED रिमांड में भेजे गए, दिल्ली वक्फ बोर्ड घोटाला मामले में हुए थे गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली वक्फ बोर्ड में भर्ती से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी विधायक अमानतुल्लाह खान को कोर्ट ने चार दिनों की रिमांड में भेज दिया है। ईडी ने कोर्ट से दस दिन के रिमांड की मांग की थी। मामले पर संक्षिप्त सुनवाई कर राउज एवेन्यू की विशेष अदालत ने अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया था।

ईडी ने यह कहते हुए दस दिन के रिमांड की मांग की कि उनका मामले से जुड़े अन्य आरोपितों और सुबूतों के साथ आमना-सामना कराना जरूरी है। वहीं, अमानतुल्लाह खाने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी।

पूछताछ में सहयोग नहीं करने पर हुए गिरफ्तार

ईडी ने अदालत को बताया कि तलाशी के दौरान खान से कुछ सवाल पूछे गए लेकिन वह टालमटोल करते रहे, इसलिए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। ईडी ने अदालत को बताया कि खान इस मामले में पूरे विवाद का मुख्य आरोपित हैं।

ईडी ने अदालत को बताया कि अपराध की आय का इस्तेमाल संपत्ति खरीदने के लिए किया गया है। नकदी का भी इस्तेमाल किया गया है। एजेंसी को गुमराह करने का प्रयास किया गया था। एजेंसी ने अमानतुल्लाह खान पर असहयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें 14 समन जारी किए गए थे और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर वह केवल एक बार पेश हुए थे।

अमानतुल्लाह के घर पर चला हाई वोल्टेज ड्रामा

बता दें, ईडी की टीम सुबह करीब छह बजे वक्फ बोर्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में अमानतुल्लाह के घर पहुंची थी। विधायक घर पर ही मौजूद थे। अधिकारियों ने घर के अंदर जाने की बात कही तो विधायक ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर अधिकारी फ्लैट के बाहर बिल्डिंग की सीढ़ियों पर खड़े हो गए। इस दौरान विधायक और अधिकारियों के बीच हाई वोल्टेड ड्रामा चला। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर हुआ हुआ। इसके बाद अमानतुल्लाह को गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *