नई दिल्ली। गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को एक भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान (AI-171) टेकऑफ के मात्र पांच मिनट बाद मेघानी नगर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सहित कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत की पुष्टि हुई है।
एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति 40 वर्षीय भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश हैं, जिन्हें गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे, जिनकी मृत्यु की पुष्टि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने की। वहीं घटना में कई डॉक्टरों के भी मारे जाने की आशंका है। इस तरह कुल 265 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
विजय रूपाणी अपनी पत्नी से मिलने लंदन जा रहे थे
विजय रूपाणी, जो 2016 से 2021 तक गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री रहे, अपनी पत्नी अंजलि से मिलने लंदन जा रहे थे। वे बिजनेस क्लास में सीट नंबर 12 पर थे। बीजेपी नेता संबित पात्रा और पंजाब के पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह ने उनकी मृत्यु को भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। हादसा दोपहर 1:38 बजे टेकऑफ के बाद हुआ, जब पायलटों ने मेडे कॉल जारी किया, लेकिन इसके तुरंत बाद संपर्क टूट गया। विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर में गिरा, जिससे 50 प्रशिक्षु डॉक्टरों की भी मौत की आशंका है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने घटना पर जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे को हृदयविदारक बताते हुए प्रभावितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। गुजरात सरकार ने त्वरित राहत और बचाव कार्य शुरू किए, जिसमें घायलों के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। एनडीआरएफ की टीमें और सात फायर इंजन घटनास्थल पर तैनात किए गए। ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है और डीजीसीए व बोइंग की टीमें हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। एयर इंडिया ने हेल्पलाइन नंबर (1800 5691 444) जारी किया है। यह हादसा बोइंग 787 का पहला घातक हादसा है, जिसने इसकी सुरक्षा रिकॉर्ड पर सवाल उठाए हैं।
