नई दिल्ली। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने 11 जुलाई, 2025 को चेन्नई में आईआईटी मद्रास के 62वें दीक्षांत समारोह में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विदेशी मीडिया की रिपोर्टिंग की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और पाक-अधिकृत कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए, जो 23 मिनट में पूरे हुए।
डोभाल ने विदेशी मीडिया, खासकर न्यूयॉर्क टाइम्स, को चुनौती दी कि वे भारत में किसी भी नुकसान की एक तस्वीर या सबूत दिखाएं। उन्होंने कहा, “विदेशी प्रेस ने दावा किया कि पाकिस्तान ने यह-वह किया… एक भी तस्वीर दिखाएं जिसमें भारत में कोई नुकसान हो, एक कांच का टुकड़ा भी टूटा हो।”
पहलगाम हमले का जवाबी कार्रवाई था ऑपरेशन सिंदूर
ऑपरेशन सिंदूर 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। भारत ने लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों के ठिकानों को निशाना बनाया। डोभाल ने स्वदेशी तकनीक की सराहना की, जिसमें ब्रह्मोस मिसाइल और सु-30एमकेआई जैसे उपकरणों का उपयोग हुआ। उन्होंने कहा कि हमले इतने सटीक थे कि केवल आतंकी ठिकाने नष्ट हुए, कोई नागरिक या सैन्य संपत्ति प्रभावित नहीं हुई।
पाकिस्तान का दावा- भारत के तीन लड़ाकू विमान गिराए
पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने जवाबी हमलों में भारत के तीन लड़ाकू विमान गिराए और कई हवाई अड्डों को नुकसान पहुंचाया, लेकिन भारत ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने सभी हमलों को विफल कर दिया। डोभाल ने जोर देकर कहा कि सैटेलाइट तस्वीरों में केवल पाकिस्तान के 13 हवाई अड्डों को नुकसान पहुंचा दिखता है, जैसे सरगोधा, रहीम यार खान और चकलाला। इस ऑपरेशन ने भारत की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को रेखांकित किया।
