नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेला गया, जहां टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन के साथ ट्रॉफी अपने नाम की। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बीच एक छोटी-सी घटना ने सुर्खियां बटोरीं और वह थी भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल के बीच हुई नोंक-झोंक। अब इसी मामले में अर्शदीप सिंह पर आईसीसी ने एक्शन लिया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच के दौरान अर्शदीप सिंह ने गेंद फेंकते हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल को उनके पैड पर मारा था। यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में हुई, जब अर्शदीप ने फॉलो-थ्रू में गेंद उठाकर आक्रामक तरीके से फेंकी। इसके बाद मिचेल नाराज हो गए और अर्शदीप की ओर बढ़े, लेकिन भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बीच-बचाव किया।
मैच फीस का 15% जुर्माना
ओवर खत्म होने पर अर्शदीप ने मिचेल से माफी मांगी और दोनों ने हाथ मिलाया। आईसीसी ने इस घटना को कोड ऑफ कंडक्ट का लेवल-1 उल्लंघन माना, जिसमें आर्टिकल 2.9 के तहत खिलाड़ी की ओर गेंद या उपकरण अनुचित/खतरनाक तरीके से फेंकना शामिल है। अर्शदीप को मैच फीस का 15% जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया है।
अर्शदीप ने मैच रेफरी के प्रस्तावित दंड को स्वीकार कर लिया, इसलिए कोई औपचारिक सुनवाई नहीं हुई। यह उनका पिछले 24 महीनों में पहला ऐसा उल्लंघन था और मैच में भारत ने बड़ी जीत हासिल की थी।
