चंपई सोरेन ने झारखंड के सीएम पद से दिया इस्तीफा, हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री बनने का दावा किया पेश; जल्द लेंगे तीसरी बार शपथ

चंपई सोरेन ने झारखंड के सीएम पद से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार को राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद हेमंत सोरेन के फिर से शीर्ष पद पर आने का रास्ता साफ हो गया। उन्होंने भी मुख्यमंत्र बनने का दावा पेश कर दिया। हेमंत सोरेन तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में वापसी के लिए तैयार हैं।

झारखंड में सत्ता परिवर्तन का फैसला तब लिया गया, जब INDIA गठबंधन के विधायकों और नेताओं के बीच दिन में मुख्यमंत्री बदलने को लेकर आम सहमति बनी। रांची में चंपई सोरेन के आवास पर एक बैठक के दौरान गठबंधन के नेताओं और विधायकों ने सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को झामुमो विधायक दल का नेता चुनने का फैसला किया।

पांच महीने बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में थे बंद

28 जून को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड उच्च न्यायालय से जमानत मिलने से पहले हेमंत सोरेन पांच महीने की अवधि के लिए बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल में थे। यह तीसरी बार है जब हेमंत सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री होंगे, जो 2000 में बिहार से अलग होकर बना था। चंपई सोरेन को यूपीए समन्वय समिति के अध्यक्ष और जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर नई जिम्मेदारी देने की भी चर्चा चल रही है।

बीजेपी ने साधा निशाना

इंडिया ब्लॉक की बैठक में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के अलावा हेमंत सोरेन के भाई बसंत और पत्नी कल्पना भी शामिल हुए। इस बीच, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि झारखंड में चंपई सोरेन युग खत्म हो गया है। उन्होंने लिखा- झारखंड में चंपनई सोरेन युग समाप्त, परिवारवादी पार्टी में परिवार के बाहर के लोगों का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है। काश आंदोलनकारी मुख्यमंत्री बिरसा भगवान से प्रेरित होकर भ्रष्टाचारी हेमंत सोरेन जी के खिलाफ खड़े हो पाते?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *