यूपी में दलित लड़के को जन्मदिन पर बुलाया, उसके कपड़े उतारे, पेशाब किया; बाद में कर लिया सुसाइड

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के बस्ती में एक 17 वर्षीय दलित लड़के को कथित तौर पर जन्मदिन समारोह के दौरान मारा-पीटा गया, निर्वस्त्र करने के बाद उस पर पेशाब किया गया। इस अपमान को सहन करने के बाद उसने आत्महत्या कर ली।

किशोर के परिवार के अनुसार, उसे 20 दिसंबर की रात को एक स्थानीय शख्स ने जन्मदिन की पार्टी में आमंत्रित किया था। समारोह के दौरान, उसे चार लोगों द्वारा निर्वस्त्र किया गया, बेरहमी से पीटा गया और पेशाब किया गया। उनलोगों ने इस कृत्य को अपने फोन में रिकॉर्ड भी किया था।

लड़के को थूक चाटने के लिए किया गया मजबूर

आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपियों से इन वीडियो को हटाने की गुहार लगाई गई, लेकिन उन्होंने उसे और अपमानित किया, उसे अपना थूक चाटने के लिए मजबूर किया। आहत होकर लड़का घर लौटा, अपने माता-पिता के साथ घटना साझा की और फिर खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

लड़के के शव को एसपी कार्यालय ले जाया गया

पीड़ित परिवार ने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए शव को पास के पुलिस स्टेशन में ले गया। हालांकि, उनका आरोप है कि अधिकारी शुरू में मामला दर्ज करने या कोई कार्रवाई करने में विफल रहे। इसके बाद परिवार लड़के के शव को बस्ती के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में ले गया और धरना दिया। उन्होंने बताया कि घंटों के आंदोलन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पीड़िता की मां ने पुलिस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस त्वरित कार्रवाई न करके आरोपियों को बचा रही है। इस बीच, लड़के के चाचा ने कहा कि हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है, लेकिन उन्हें पूर्व दुश्मनी का संदेह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *