नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के बाद दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 13 फरवरी के बाद होने की संभावना है। सूत्रों ने रविवार को इसकी जानकारी दी। भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में अगली सरकार का नेतृत्व करने के लिए अपने नेता को खोजने के लिए विचार-विमर्श कर रही है।
दिल्ली में शनिवार को वोटों की गिनती के बाद भाजपा ने 70 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीटें हासिल कर अपना 27 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए दिल्ली की सत्ता में वापसी की। एक दशक से दिल्ली पर शासन कर रही आप 22 सीटें जीतने में सफल रही, जबकि पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत उसके प्रमुख नेताओं को हार का सामना करना पड़ा।
पांच नेता सीएम के लिए प्रमुख दावेदार
मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा किए बिना चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने सरकार का मुखिया तय करने के लिए उच्च स्तरीय बैठकें शुरू कर दी हैं, जिसमें पांच नेता प्रमुख दावेदारों के रूप में उभर रहे हैं।
इन नेताओं पर चल रही है चर्चा
नई दिल्ली सीट पर केजरीवाल को हराकर बड़े चेहरे के तौर पर उभरे प्रवेश वर्मा दिल्ली में संभावित मुख्यमंत्री चेहरों की सूची में सबसे आगे हैं। विजेंदर गुप्ता दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में कार्य कर चुके हैं। ब्राह्मण चेहरा सतीश उपाध्याय पहले प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। दिल्ली भाजपा के महासचिव आशीष सूद का केंद्रीय नेताओं के साथ घनिष्ठ संबंध हैं और वैश्य समुदाय से आरएसएस के एक मजबूत सदस्य जितेंद्र महाजन अन्य दावेदार हैं।
12-13 फरवरी को अमेरिका दौरा पर रहेंगे मोदी
पीएम मोदी अपने दूसरे कार्यकाल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ पहली मुलाकात के लिए 12-13 फरवरी को संयुक्त राज्य अमेरिका का दौरा करने वाले हैं। सूत्रों ने कहा कि अगले हफ्ते पीएम के विदेश से लौटने के बाद पार्टी सत्ता पर दावा पेश कर सकती है और उसके बाद शपथ ग्रहण होने की संभावना है।