एलन मस्क का ‘X’ पर साइबर हमले के लिए यूक्रेन पर आरोप, रूस की चाल भी आई सामने

नई दिल्ली। एलन मस्क के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर सोमवार, 10 मार्च 2025 को एक बड़े साइबर हमले की घटना सामने आई। इस हमले के परिणामस्वरूप दुनियाभर में इसकी सेवा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी सामने आई। एलन मस्क ने दावा किया कि यह हमला यूक्रेन क्षेत्र से जेनरेट आईपी एड्रेस से किया गया था।

हमले की शुरुआत सुबह 5:30 बजे (ET) हुई, जिसके बाद 10:00 बजे और 12:30 बजे (ET) पर पुनः दिक्कतें आईं। मस्क ने इस हमले को अत्यंत संगठित और संसाधन-संपन्न बताया, जो या तो किसी बड़े समूह या किसी राष्ट्र द्वारा प्रायोजित हो सकता है।

हमला रूस को बदनाम करने की साजिश: एक्सपर्ट

हालांकि, मस्क ने इस दावे के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया, जिससे एक्सपर्ट के बीच संदेह उत्पन्न हुआ है। कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि यूक्रेन की संलिप्तता संदिग्ध है और यह हमला रूस द्वारा यूक्रेन को बदनाम करने के उद्देश्य से भी हो सकता है।

स्टारलिंक सेवा बंद करने की संभावना पर किया था विचार

इस घटना के कुछ दिन पहले, मस्क ने यूक्रेन में अपनी स्टारलिंक सेवा को बंद करने की संभावना पर विचार किया था, जिससे यूक्रेनी सेना की फ्रंटलाइन ध्वस्त हो सकती थी। उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की की आलोचना करते हुए युद्ध को कभी न खत्म होने वाला भ्रष्टाचार का खेल कहा था।

बड़े पैमाने पर सरकारी अनुबंधों की समाप्ति

मस्क की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन में ‘सरकारी दक्षता विभाग’ के प्रमुख की भूमिका ने भी विवाद उत्पन्न किया है। सरकारी खर्च में 1 ट्रिलियन डॉलर की कटौती के उनके लक्ष्य के कारण बड़े पैमाने पर सरकारी अनुबंधों की समाप्ति और हजारों केंद्रीय कर्मचारियों की छंटनी हुई है, जिससे विरोध और आलोचना बढ़ी है।

‘डार्क स्टॉर्म’ नामक एक प्रो-पैलेस्टीन हैकर समूह ने ली

इन घटनाओं के बीच, ‘X’ पर साइबर हमले की जिम्मेदारी ‘डार्क स्टॉर्म’ नामक एक प्रो-पैलेस्टीन हैकर समूह ने ली है, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इस साइबर हमले और मस्क के आरोपों ने वैश्विक साइबर सुरक्षा और भू-राजनीतिक तनावों के बीच डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की सुरक्षा पर नए सवाल खड़े किए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *