डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क के बीच की दोस्ती अब दुश्मनी में बदली, राजनीतिक दल बनाएंगे टेस्ला प्रमुख

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच दोस्ती अब तीखी दुश्मनी में बदल गई है। यह विवाद तब शुरू हुआ, जब मस्क ने ट्रम्प के प्रस्तावित टैक्स और खर्च बिल की आलोचना की, इसे घृणित करार देते हुए अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर बिल को रद्द करने की मांग की। जवाब में, ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर मस्क को पागल कहा और उनकी कंपनियों के सरकारी अनुबंधों की समीक्षा की धमकी दी।

मस्क ने गुरुवार को विवाद को और हवा दी, जब उन्होंने दावा किया कि ट्रम्प का नाम जेफरी एप्सटीन फाइल्स में शामिल है और उनकी महाभियोग की मांग की। ट्रम्प ने इसे राष्ट्रपति पद का अपमान बताते हुए मस्क पर डेमोक्रेट्स का समर्थन करने का आरोप लगाया और गंभीर परिणाम की चेतावनी दी। मस्क ने बाद में कुछ भड़काऊ पोस्ट हटाए, जिससे सुलह की संभावना दिखी, लेकिन ट्रम्प ने साफ कहा कि वह मस्क के बारे में सोच भी नहीं रहे।

मस्क ने ट्रम्प के आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए

2024 के चुनाव में मस्क ने ट्रम्प के लिए 250 मिलियन डॉलर का समर्थन किया था और उनकी जीत के बाद दोनों की नजदीकी देखी गई थी। लेकिन यह विवाद तब शुरू हुआ, जब मस्क ने ट्रम्प के आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए। उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने ट्रम्प का समर्थन करते हुए मस्क की निराशा को समझने योग्य बताया, लेकिन चेतावनी दी कि यह झगड़ा देश के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

विवाद का असर टेस्ला के शेयरों पर भी पड़ा

इस विवाद का असर टेस्ला के शेयरों पर भी पड़ा, जो भारी गिरावट के बाद शुक्रवार को थोड़ा सुधरे। मस्क ने अमेरिका पार्टी नाम से नई राजनीतिक पार्टी बनाने का संकेत दिया, जिसने राजनीतिक हलकों में अटकलों को जन्म दिया। मस्क के करीबी सूत्रों का कहना है कि वह नीतिगत मतभेदों के बावजूद बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन ट्रम्प का रुख सख्त बना हुआ है। यह तकरार अमेरिकी राजनीति और कारोबारी दुनिया में नई हलचल पैदा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *