पवन चोपड़ा, चंडीगढ़। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 10 साल तक सीएम रहते किसानों की जमीनों को जमकर लूटा। वहीं भाजपा ने अपने 10 साल के शासनकाल में प्रोपर्टी आईडी के नाम पर जमकर लूट मचाई। आज प्रदेश की जनता दोनों ही पार्टियों से लूट अपने साथ हुई लूट का बदला लाने को तैयार है। प्रदेश में अगली सरकार इनेलो-बसपा गठबंधन की बनेगी। ये बात इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने फतेहाबाद विधानसभा से प्रत्याशी सुनैना चौटाला के समर्थन में विभिन्न गांवों में आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कही।
इस दौरान गांव बीघड़ पहुंचे अभय सिंह चौटाला का ग्रामवासियों ने फूलमालाओं और ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इसके बाद अभय सिंह चौटाला ने फतेहाबाद के हुडा सैक्टर में भी जनसभा को संबोधित कर वोटों की अपील की। हुडा सैक्टर में आयोजित जनसभा में उमड़ी भीड़ ने यहां से इनेलो प्रत्याशी की जीत पर मोहर लगाने का काम किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जननायक चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर हुई रैली में उमड़ी भीड़ से कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों में घबराहट है। 20 साल तक बनवास काट चुकी जनता अब इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में जमकर भ्रष्टाचार किया। प्रोपर्टी आईडी के नाम पर लोगों से जमकर लूट की गई। आए दिन नगरपरिषद दफ्तर में हो रहे हंगामे भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोल रहे हैं।
हमने प्रॉपर्टी आईडी को खत्म करने का काम किया: चौटाला
अभय चौटाला ने वायदा किया कि प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनते ही सबसे पहले भ्रष्टाचार का केन्द्र बनी प्रॉपर्टी आईडी को खत्म करने का काम किया जाएगा। प्रदेश में सीएम बनने का सपना देख रहे भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हुड्डा के सीएम रहते विकास, रोजगार और नौकरी सभी मामले सिर्फ रोहतक तक सिमट कर रह जाते थे। खासकर सिरसा व फतेहाबाद जिले में तो हुड्डा ने विकास के नाम पर एक पैसा तक खर्च नहीं किया।
हुड्डा ने कौडियों के भाव जमीन पर किया कब्जा: चौटाला
हुड्डा राज में किसानों की जमीनों पर डाके डाले गए। एनसीआर की हजारों एकड़ जमीन पर हुड्डा ने कौडियों के भाव कब्जा करके इसे अपने पूंजीपति दोस्तों को कौडियों के भाव सौंप दिया। इसके बाद आई भाजपा का 10 साल का राज झूठ और लूट का राज रहा। फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम ने लोगों को परेशान करने और लूटने में कोई कमी नहीं छोड़ी। अपने ड्राइवर के माध्यम से नौकरियों के नाम पर लोगों को जमकर लूटा गया। ऐसे लूटेरे नेताओं को जनता विधानसभा चुनावों में सबक सिखाने का काम करेगी।
सिरसा और फतेहाबाद जिले का अपना मुख्यमंत्री बनेगा: चौटाला
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन सरकार बनने पर सिरसा और फतेहाबाद जिले का अपना मुख्यमंत्री बनेगा। प्रदेश में दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे जिसमें एक दलित और दूसरा बैकवर्ड क्लास से होगा। जनसभा को संबोधित करते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि आज भाजपा सरकार से किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी हर वर्ग दु:खी है। प्रदेश में महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़़ा है। आज प्रदेश का हर आदमी इस सरकार को बदलना चाहता है और इनेलो-बसपा को सत्ता में लाने का मन बना चुका है।
इस मौके पर कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष बलविन्द्र कैरों, वरिष्ठ इनेलो नेता रवि चौटाला, बसपा के प्रदेश सचिव राम सिंह फौजी, बसपा नेता ईश्वर सिंह, इनेलो हलका प्रधान जगदीश जैलदार, हलका प्रभारी अंगद ढिंगसरा, जोन प्रभारी कृष्ण मांझू, युवा इनेलो प्रदेश महासचिव अजय रोहज, राजेश भाकर, प्रदेश प्रवक्ता विकास मेहता, युवा इनेलो हलका प्रधान अमन शर्मा, भागीराम सोनी, हनुमान सोनी, शिव मेचु, धीरज गोदारा, पवन ढाका, शहरी प्रधान रमेश अरोड़ा, लाधुराम, राजेन्द्र ढाका, पृथ्वी सिंह डूडी, कृपाराम बैनीवाल, कुलदीप बैनीवाल, जिले सिंह, रामनिवास सहित इनेलो और बसपा नेता मौजूद रहे।