नई दिल्ली। महाराष्ट्र में बीजेपी गठबंधन की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “हरियाणा के बाद महाराष्ट्र के चुनाव का भी सबसे बड़ा संदेश एकजुटता है-एक हैं तो सेफ हैं, यह आज देश का महामंत्र बन चुका है।” उन्होंने कहा, “सच्चाई ये है कि कांग्रेस अब एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। कांग्रेस सिर्फ अपनी ही नहीं, बल्कि अपने साथियों की नाव को भी डुबा देती है। आज महाराष्ट्र में भी हमने यही देखा है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत की राजनीति में कांग्रेस परजीवी बनकर रह गई है। कांग्रेस पार्टी के लिए अब अपने दम पर सरकार बनाना लगातार मुश्किल हो रहा है। हाल ही के चुनावों में जैसे आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, हरियाणा और आज महाराष्ट्र में उनका सूपड़ा साफ हो गया है। कांग्रेस की घिसी पिटी विभाजनकारी राजनीति फेल हो रही है लेकिन फिर भी कांग्रेस का अहंकार सातवें आसमान पर है।”
देश का वोटर, ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “INDI वाले देश के बदले मिजाज को नहीं समझ पा रहे हैं। ये लोग सच्चाई को स्वीकार करना ही नहीं चाहते, ये लोग आज भी भारत के सामान्य वोटर के विवेक को कम करके आंकते हैं। देश का वोटर अस्थिरता नहीं चाहता है। देश का वोटर, ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ है। जो ‘कुर्सी फर्स्ट’ का सपना देखते हैं, उन्हें देश का वोटर पसंद नहीं करता।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम ने सोचा था कि संविधान के नाम पर झूठ बोलकर, आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर SC, ST, OBC को छोटे-छोटे समूहों में बांट देंगे। कांग्रेस और उसके साथियों की इस साजिश को महाराष्ट्र ने सिरे से खारिज कर दिया है। महाराष्ट्र ने डंके की चोट पर कहा है- एक हैं, तो सेफ।”
महाराष्ट्र छठा राज्य जिसने लगातार तीन बार दिया जनादेश: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “महाराष्ट्र देश का छठा राज्य है जिसने भाजपा को लगातार तीन बार जनादेश दिया है। इससे पहले गोवा, गुजरात, छत्तीसगढ़, हरियाणा और मध्य प्रदेश में हम लगातार तीन बार जीत चुके हैं। बिहार में भी NDA को तीन बार से ज्यादा बार लगातार जनादेश मिला है। यह जनता का हमारे सुशासन के मॉडल पर विश्वास है।”
धानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज देश के अनेक राज्यों में उपचुनावों के नतीजे भी आए हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान ने भाजपा को जमकर समर्थन दिया है। असम के लोगों ने भाजपा पर फिर एक बार भरोसा जताया है। मध्य प्रदेश में भी हमें सफलता मिली है। बिहार में NDA का समर्थन बढ़ा है। यह दिखाता है कि देश अब सिर्फ विकास चाहता है। मैं महाराष्ट्र के मतदाताओं का, युवाओं का, माताओं का, किसानों, देश की जनता को नमन करता हूं।”
महाराष्ट्र में झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज हम यहां एक और ऐतिहासिक महाविजय का उत्सव मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। आज महाराष्ट्र में विकासवाद, सुशासन, सच्चे सामाजिक न्याय की जीत हुई है और महाराष्ट्र में झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा है। विभाजनकारी ताकते हारी हैं, नकारात्मक राजनीति की हार हुई है परिवारवाद की हार हुई है। आज महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को मजबूत किया है।”