नई दिल्ली। सिंगापुर में हुए 2025 के आम चुनाव ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग और उनकी पीपुल्स एक्शन पार्टी यानी पीएपी ने शानदार जीत हासिल की है। पार्टी ने 97 में से 87 सीटों पर कब्जा जमा लिया।
3 मई 2025 को हुए इस चुनाव में PAP ने 65.57% वोट हासिल किए, जो 2020 के 61.24% की तुलना में व्यापक सुधार है। यह लॉरेंस वोंग का पहला चुनाव था, जिन्होंने पिछले साल मई में सिंगापुर के चौथे प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला। उनकी अगुवाई में पीएपी ने न केवल अपनी साख बरकरार रखी, बल्कि जनता का भरोसा और मजबूत किया।
सिंगापुर के 26 लाख मतदाताओं ने किया वोट
सिंगापुर के 26 लाख मतदाताओं ने 1240 मतदान केंद्रों पर 92 सीटों के लिए वोट डाले। पांच सीटें पीएपी ने नामांकन के दिन ही निर्विरोध जीत ली थीं। मुख्य मुकाबला पीएपी और विपक्षी वर्कर्स पार्टी (WP) के बीच था, जिसने 10 सीटें बरकरार रखीं। WP को दो गैर-निर्वाचन क्षेत्र सांसद सीटें भी मिलीं।
लॉरेंस वोंग ने देशवासियों का जताया आभार
जीत के बाद 4 मई को तड़के 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में वोंग ने कहा, “हम इस मजबूत जनादेश के लिए आभारी हैं। यह विश्वास, स्थिरता और एकता का संदेश है।” उन्होंने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और व्यापार युद्ध के बीच सिंगापुर को स्थिर नेतृत्व देने का वादा किया। वोंग ने मतदाताओं की चिंताओं, जैसे जीवन-यापन की लागत और आवास की कमी, को संबोधित करने का भरोसा दिलाया।
यह चुनाव वैश्विक मंदी और अमेरिकी व्यापार नीतियों के प्रभावों के बीच हुआ। पीएपी ने अपनी स्थिरता और विकास की नीतियों पर जोर दिया, जिसे मतदाताओं ने सराहा। वोंग ने बहुसांस्कृतिक मूल्यों और नस्लीय एकता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई, खासकर जब कुछ ने नस्ल और धर्म को राजनीति से जोड़ने की कोशिश की।
