महाकुंभ सनसनी मोनालिसा की शादी: मुस्लिम पति ने कहा ‘सभी धर्म बराबर’, लव जिहाद के आरोपों को बताया झूठा

महाकुंभ सनसनी मोनालिसा की शादी

नई दिल्ली। महाकुंभ 2025 में रुद्राक्ष बेचते हुए वायरल हुई मोनालिसा भोसले ने हाल ही में मुस्लिम युवक फरमान खान से शादी रचाई है। शादी 11 मार्च को केरल के अरुमानूर (तिरुवनंतपुरम) के श्री नैनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई। मोनालिसा हिंदू हैं और फरमान मुस्लिम, जिसके चलते सोशल मीडिया पर ‘लव जिहाद’ के आरोप लगे।

कुछ लोगों ने इसे धर्मांतरण का मामला बताया, जबकि निर्देशक सनोज मिश्रा (जिन्होंने मोनालिसा को पहली फिल्म दी) ने इसे खुलकर ‘लव जिहाद’ कहा और मैनेजर पर सौदा करने का आरोप लगाया। परिवार के विरोध के बीच मोनालिसा ने पुलिस प्रोटेक्शन मांगा और केरल में शादी पूरी की।

अब मोनालिसा और फरमान ने तिरुवनंतपुरम में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन आरोपों का खंडन किया। फरमान ने स्पष्ट कहा कि यह ‘लव जिहाद’ नहीं है। किसी ने अपना धर्म नहीं बदला। मोनालिसा आज भी हिंदू हैं और फरमान मुस्लिम। उन्होंने कहा, “प्यार में धर्म बदलने की कोई जरूरत नहीं होती।” दोनों ने आधार, पैन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र दिखाकर साबित किया कि मोनालिसा 1 जनवरी 2008 को जन्मी हैं, यानी 18 साल की हैं और बालिग हैं। फरमान ने बताया कि रिश्ता फेसबुक से शुरू हुआ, लेकिन उन्होंने शुरू में प्रपोजल ठुकराया था- मोनालिसा की जिद पर राजी हुए।

मोनालिसा ने परिवार पर दबाव का खुलासा किया

मोनालिसा ने परिवार पर दबाव का खुलासा किया कि वे उन्हें बुआ के बेटे (चचेरे भाई) से शादी कराना चाहते थे, लेकिन मोनालिसा को वह भाई जैसा लगता है, इसलिए मना कर दिया। पिता थोड़े नाराज हैं, लेकिन जल्द मन जाएंगे। दोनों ने सभी धर्मों का सम्मान करने की बात कही और कहा कि शादी उनकी मर्जी से हुई। शादी में केरल पुलिस की सुरक्षा थी, और शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, सीपीएम नेता एम.वी. गोविंदन व सांसद ए.ए. रहीम जैसे लोग मौजूद थे, जिनकी मदद के लिए दोनों ने शुक्रिया अदा किया।

यह मामला सोशल मीडिया पर गरमागरम बहस का विषय बना हुआ है। एक तरफ लोग इसे सच्चा प्यार मान रहे हैं, तो दूसरी तरफ लव जिहाद के आरोप लग रहे हैं। मोनालिसा और फरमान ने सबूत पेश कर सफाई दी है कि यह अंतरधार्मिक विवाह है, जिसमें कोई जबरदस्ती या धर्मांतरण नहीं हुआ। दोनों अब खुशी से साथ रह रहे हैं और विवाद को प्यार की जीत बताते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *