होली पर राष्ट्रपति मुर्मू, उपराष्ट्रपति धनखड़ और पीएम मोदी ने देशवासियों को दी बधाई, सोशल मीडिया पर लिखी ये बातें

नई दिल्ली। होली के शुभ अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं, जो देशभर में उल्लास और उत्साह के साथ मनाई जा रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संदेश

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मार्च को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।”

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का संदेश

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी ‘एक्स’ पर देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “होली के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है, जो नई शुरुआत और नए दृष्टिकोण का प्रतीक है। यह होली हमें अपने विचारों को करुणा से, अपने कार्यों को दयालुता से और अपने दृष्टिकोण को हमारे महान राष्ट्र के लिए आशा से रंगने की याद दिलाए।”

अन्य नेताओं के संदेश

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने होली की बधाई देते हुए कहा, “उमंग, उत्साह और रंगों के पर्व ‘होली’ की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में उत्तरोत्तर समृद्धि, उन्नति और संपन्नता लेकर आए।”

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्ष, उल्लास और नवीन ऊर्जा का प्रतीक यह त्योहार आपके जीवन में प्रसन्नता और उत्तम स्वास्थ्य के रंग भरे।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और इस त्योहार को एकता का संदेशवाहक बताया। आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं। होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है।”

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते हुए हर किसी को प्यार से गले लगाइए। अपने परिवार, समाज और हर देशवासी के साथ खुशियां बांटिए। आप सबके लिए होली शुभ हो!”

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “आप सभी को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्यौहार आपके जीवन में नई उमंग, नए उत्साह और ढेर सारी खुशियां ले कर आए।”

देशभर में होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। लोग एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर, मिठाइयां बांटकर और पारंपरिक गीतों पर नृत्य करके इस पर्व का आनंद ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *