लखनऊ। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी (सपा) की मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज ने लखनऊ के सेंट्रम होटल में शनिवार को एक भव्य समारोह में सगाई कर ली। यह आयोजन क्रिकेट और राजनीति की हस्तियों से सजा था, जिसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन और कई अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
रिंकू और प्रिया की जोड़ी ने स्टेज पर एक-दूसरे का हाथ थामकर रिंग सेरेमनी पूरी की, जिस दौरान प्रिया की आंखें खुशी से नम हो गईं। प्रिया ने पिंक लहंगा पहना, जबकि रिंकू शेरवानी में नजर आए।
रिश्ता दोनों परिवारों की सहमति से अलीगढ़ में तय हुआ
रिंकू सिंह, जो 2023 के आईपीएल में पांच छक्कों की बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के स्टार बने, और 26 वर्षीय प्रिया सरोज, जो 2024 में मछलीशहर से सबसे कम उम्र की सांसद बनीं, अब 18 नवंबर को वाराणसी के ताज होटल में शादी करेंगे। प्रिया के पिता और पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने बताया कि यह रिश्ता दोनों परिवारों की सहमति से अलीगढ़ में तय हुआ। जनवरी में रोका समारोह भी हुआ था, जिसके बाद सगाई की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हुईं।
300 मेहमानों की मौजूदगी में समारोह संपन्न
सेंट्रम होटल में करीब 300 मेहमानों की मौजूदगी में यह समारोह संपन्न हुआ। प्रिया, जो सुप्रीम कोर्ट में वकालत भी करती हैं, ने अपनी जीत के बाद राजनीति में नई ऊंचाइयां छुई हैं। वहीं, रिंकू ने टी20 क्रिकेट में अपनी फिनिशिंग स्किल्स से दुनिया भर में नाम कमाया है। उनकी नेटवर्थ 8 करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है, जबकि प्रिया की संपत्ति भी लाखों में है।
यह सगाई सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई है। दोनों की लव स्टोरी और क्रिकेट-सियासत का यह मिलन लोगों का ध्यान खींच रहा है। रिंकू के मामा प्रेमपाल सिंह ने कहा कि उन्हें मीडिया से सगाई की जानकारी मिली, लेकिन वह इस खुशी में शामिल होने को तैयार हैं। यह जोड़ा अब अपनी शादी की तैयारियों में जुट गया है।