सैफ अली खान अब ‘खतरे से बाहर’, हमलावर ने मांगे थे 1 करोड़ रुपये; 10 बिंदुओं में समझें

नई दिल्ली। मुंबई में लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि अभिनेता सैफ अली खान खतरे से बाहर हैं और ठीक हो रहे हैं। गुरुवार को उनके मुंबई स्थित घर पर एक हमलावर ने उनपर चाकू से हमला कर दिया था। इसके बाद उनकी सर्जरी हुई थी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 20 टीमें गठित की हैं।

सैफ अली खान पर हमले को 10 बिंदुओं में समझें

1. गुरुवार तड़के मुंबई के बांद्रा इलाके में सैफ अली खान के आवास पर एक अज्ञात शख्स घुसकर उनपर छह बार चाकू से वार कर दिया। यह घटना तब हुई जब आरोपी कथित तौर पर चोरी के लिए सतगुरु शरण बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर स्थित सैफ अली खान पुके घर में घुस गया।

2. हमलावर ने उनकी रीढ़ में चाकू घोंप दिया था। लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उन्होंने एक्टर के रीढ़ की हड्डी की सर्जरी की है। एक्टर के हाथ और गर्दन पर प्लास्टिक सर्जरी की गई है।

3. अधिकारियों ने कहा कि हमलावर सैफ अली खान के घर में लगभग 30 मिनट तक रहा। उसे सबसे पहले सैफ और करीना के छोटे बेटे जेह के कमरे में देखा गया था।

4. जेह की केयरटेकर एलियामा फिलिप ने सबसे पहले घुसपैठिए को देखा। उन्होंने कहा, “मैंने देखा कि बाथरूम का दरवाजा थोड़ा खुला हुआ था और लाइट जल रही थी। पहले मुझे लगा कि करीना कपूर अपने बेटे का हालचाल ले रही हैं। मैं सोने के लिए वापस चली गई लेकिन जल्द ही एहसास हुआ कि कुछ गड़बड़ है। जब मैंने एक आदमी को आते देखा तो मैं फिर से देखने उठी। इस दौरान फिलिप का हमलावर से सामना हुआ। इसके बाद उसने 1 करोड़ रुपये की मांग की।

5. 56 वर्षीय फिलिप ने घुसपैठिए से लड़ने की कोशिश की, लेकिन उसकी कलाई और हाथ घायल हो गए। दूसरी केयरटेकर भी उसी कमरे में थी। वह सैफ अली खान खान को जगाने के लिए उनके कमरे में पहुंची। इसके बाद सैफ अली खान ने घुसपैठिए का सामना किया। उस पर कई बार हमला किया गया। हमलावर तुरंत घर से भाग गया और बाद में उसे बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि संभवत: उसने सुबह पहली लोकल ट्रेन पकड़ी।

6. प्रारंभिक जांच के अनुसार, हमलावर संभवतः रात में किसी समय एक्टर के घर में घुस गया था। अधिकारियों को संदेह है कि आरोपी इमारत के लेआउट से परिचित था और उसने 11वीं मंजिल तक पहुंचने के लिए लिफ्ट और सीढ़ियों का इस्तेमाल किया था।

7. पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए 20 टीमें बनाई गई हैं और पुलिस दो लोगों से पूछताछ कर रही है। एक्टर के घर की छत पर फर्श का काम कर लोगों से भी पूछताछ हो रही है। पुलिस ने चाकू का 2.5 इंच का हिस्सा भी बरामद किया है जो सैफ अली खान की रीढ़ से निकाला गया था।

8. पुलिस ने कहा कि संदिग्ध को आखिरी बार इमारत की छठी मंजिल पर भागते हुए देखा गया था और वह प्रवेश करते या बाहर निकलते समय लॉबी के सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं हुआ था। छठी मंजिल के बाद संदिग्ध कहीं नजर नहीं आया और न ही उसे मुख्य द्वार से बाहर निकलते हुए पकड़ा गया।

9. घटना के कुछ घंटों बाद, करीना कपूर खान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि चुनौती भरा दिन है। लगातार जांच भारी पड़ रही है। हम इस कठिन समय से गुजर रहे हैं। मैं सम्मानपूर्वक और विनम्रतापूर्वक अनुरोध करती हूं कि मीडिया और पापराजी लगातार अटकलों और कवरेज से बचें। हालांकि हम उनकी चिंता और समर्थन की सराहना करते हैं। मेरा अनुरोध है कि आप हमारी सीमाओं का सम्मान करें और हमें एक परिवार के रूप में ठीक होने और सामना करने के लिए आवश्यक जगह दें।

10. इस घटना ने राजनीतिक विवाद पैदा कर दिया है। भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार विपक्ष और फिल्म बिरादरी के सदस्यों के निशाने पर है। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने सवाल किया, “अगर मशहूर हस्तियां सुरक्षित नहीं हैं, तो मुंबई में कौन सुरक्षित है?” आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस मुद्दे पर बीजेपी पर निशाना साधा। हालांकि, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस ने कहा कि जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन यह कहना सही नहीं होगा कि मुंबई असुरक्षित है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *