यूपी-बिहार से लेकर दिल्ली तक भीषण गर्मी से मचा कोहराम, राजधानी में दिन के बाद अब सुबह भी बढ़ा तापमान

यूपी-बिहार से लेकर दिल्ली तक भीषण गर्मी से मचा कोहराम

नई दिल्ली। पूरा उत्तर भारत इन दिनों लू की चपेट में है। यूपी-बिहार से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक भीषण गर्मी से कोहराम मचा हुआ है। पहले केवल पूर्वी और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्से ही इसकी चपेट में था, लेकिन अब उत्तर भारत भी इसकी जद में आ चुका है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान से लेकर पंजाब तक में भीषण गर्मी पड़ने लगी है।

इन इलाकों के तापमान में अचानक वृद्धि होने लगी है और लोग अब दिन के वक्त घरों से बाहर निकलने से डरने लगे हैं। हालांकि, इसी बीच राहत की बात यह भी है कि बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में आज और कल में हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।

अब सुबह का तापमान भी बढ़ने लगा

वहीं, राजधानी में लगातार बढ़ रहे गर्माहट के बीच दिन के बाद अब सुबह का तापमान भी बढ़ने लगा है। सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ रहने और धूप भी खिली रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। सोमवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज हुआ। एक दिन पहले रविवार को यह 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। अधिकतम तापमान 41 डिग्री रह सकता है।

इस पूरे सप्ताह रहेगी भीषण गर्मी

मौसम विभाग का अनुमान है कि एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिन में बृहस्पतिवार को बादलों की आवाजाही और हल्की वर्षा होने की संभावना है। अन्यथा इस पूरे सप्ताह ही गर्मी परेशान करेगी। दूसरी तरफ दिल्ली की हवा फिर से खराब हो गई है। सुबह नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 252 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *