दुनिया का मार्गदर्शन करने के लिए गीता के उपदेशों को बनाना होगा जीवन का आदर्श: नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, पवन चोपड़ा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दुनिया का मार्गदर्शन करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों को अपने जीवन का आदर्श बनाना होगा। गीता के दिव्य संदेशों में विश्व की तमाम समस्याओं का समाधान निहित है, चाहे वह आतंकवाद हो, तनाव हो या फिर सामाजिक अशांति।

मुख्यमंत्री शनिवार को लाडवा हिंदू हाई स्कूल के प्रांगण में श्री कृष्ण कृपा के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और सत्संग आयोजन के लिए 21 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की।

गीता का प्रचार-प्रसार विश्व के कोने-कोने में हो रहा: सैनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी ज्ञानानंद गीता के उपदेशों का प्रचार-प्रसार विश्व के कोने-कोने में कर रहे हैं। उनके प्रयासों से गीता जयंती महोत्सव वर्ष 2016 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाने लगा है। इस महोत्सव का आयोजन लंदन, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, कनाडा, मॉरीशस सहित कई देशों में किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि गीता ज्ञान संस्थानम भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और अच्छे प्रचारक तैयार कर रहा है, ताकि गीता के संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें।

गीता मानवता का मार्गदर्शक भी है: सैनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता सिर्फ एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानवता का मार्गदर्शक है। इसके संदेशों से दुनिया में एकता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर 5162 वर्ष पूर्व भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्म का संदेश दिया था, जो आज भी प्रासंगिक है।

इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील राणा, प्रदेश सचिव राहुल राणा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने सत्संग के पहले दिन गीता के प्रथम श्लोक की व्याख्या हजारों श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत की।

हरियाणा का बजट 17 मार्च को प्रस्तुत होगा: सैनी

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष को विधानसभा सत्र में पूरी तरह सुना गया, लेकिन जब प्रदेश के विकास कार्यों की चर्चा हुई तो विपक्ष सदन से बाहर चला गया। उन्होंने बताया कि हरियाणा का बजट 17 मार्च को प्रस्तुत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *