पीएम मोदी ने टेस्ला प्रमुख एलन मस्क से की मुलाकात, जानें किन मुद्दों पर हुई बातचीत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान वाशिंगटन डीसी के ब्लेयर हाउस में टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क से मुलाकात की। इस विशेष बैठक में एलन मस्क के साथ उनकी पार्टनर शिवोन जिलिस और उनके तीन बच्चे भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री मोदी ने मस्क के बच्चों को रवींद्रनाथ टैगोर की ‘द क्रिसेंट मून’, आर.के. नारायण की कहानियों का संग्रह और पंडित विष्णु शर्मा की ‘पंचतंत्र’ जैसी भारतीय साहित्य की प्रमुख पुस्तकें उपहार स्वरूप दीं।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लिखा, “एलन मस्क के परिवार से मिलकर और विभिन्न विषयों पर बातचीत करके खुशी हुई।” उन्होंने यह भी बताया कि मस्क के साथ अंतरिक्ष, गतिशीलता, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

भारत में जल्द निवेश करने करने की जताई इच्छा

एलन मस्क ने भी प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई इस मुलाकात को महत्वपूर्ण बताया और भारत में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत में सौर ऊर्जा, स्थिर बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और वह भारत में जल्द से जल्द निवेश करने के इच्छुक हैं।

तकनीकी सहयोग के अवसरों पर विचार-विमर्श

इस मुलाकात के दौरान, दोनों नेताओं ने भारत में टेस्ला की उपस्थिति, स्पेसएक्स की स्टारलिंक इंटरनेट सेवा की संभावनाएं, और अन्य तकनीकी सहयोग के अवसरों पर विचार-विमर्श किया। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बैठक से भारत और एलन मस्क की कंपनियों के बीच सहयोग के नए रास्ते खुल सकते हैं, जो देश में तकनीकी विकास और नवाचार को बढ़ावा देंगे।

प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा का उद्देश्य भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करना और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों की तलाश करना है। एलन मस्क के साथ हुई यह बैठक इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *