नई दिल्ली। मेघालय के शिलांग में हनीमून के लिए गए इंदौर के नवविवाहित जोड़े राजा रघुवंशी (29) और सोनम रघुवंशी (27) के लापता होने का मामला और रहस्यमय हो गया है। 23 मई को लापता हुए इस दंपति की जांच में एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो 22 मई को शिलांग के एक होटल में उनके चेक-इन करने का है। इस फुटेज में सोनम को सफेद शर्ट पहने देखा गया, जो बाद में राजा के शव के पास मिली, जिससे सवाल और गहरा गए हैं।
2 जून को राजा का शव चेरापूंजी के पास सोहरारिम में एक गहरी खाई में मिला। पुलिस ने इसे हत्या करार दिया, क्योंकि शव के पास एक ‘दाओ’ (पारंपरिक माचेते) और राजा का मोबाइल फोन बरामद हुआ। सोनम का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है, और उनकी तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और विशेष पुलिस दल लगे हैं। एक काला रेनकोट भी मिला, जिस पर संदिग्ध दाग हैं, लेकिन यह सोनम का है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए फोरेंसिक जांच जारी है।
23 मई को सोनम आखिरी बार अपनी सास से की थी बात
दंपति 20 मई को इंदौर से गुवाहाटी होते हुए शिलांग पहुंचा था। उन्होंने एक एक्टिवा स्कूटर किराए पर लिया और नोंग्रियाट गांव में ‘लिविंग रूट ब्रिज’ देखने गए। 23 मई को आखिरी बार सोनम ने अपनी सास से बात की, जिसमें वह थकान और ट्रेकिंग की बात कर रही थी। अगले दिन स्कूटर सोहरारिम में लावारिस मिला, साथ में एक महिला की शर्ट, दवाइयां और स्मार्टवॉच भी मिली।
शक है कि सोनम का अपहरण किया गया
परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग की है। शक जताया गया है कि सोनम का संभवतः बांग्लादेश की ओर अपहरण हो सकता है। इंदौर में राजा के घर के बाहर एक पोस्टर भी मिला, जिसमें लिखा था, “मैं नहीं मरा, मुझे मारा गया।” यह दूसरी घटना है, जब मेघालय में पर्यटक लापता हुए हैं। पुलिस और प्रशासन जांच में जुटी है, लेकिन मॉनसून और जटिल इलाका चुनौती बना हुआ है।
