हरियाणा पर दिल्ली का पानी रोकने का आरोप, केजरीवाल सरकार ने कहा- वोटिंग से पहले षडयंत्र रच रही BJP

मंत्री आतिशी ने किया बड़ा खुलासा

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और मंत्री आतिशी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर हरियाणा पर दिल्ली का पानी रोकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने हरियाणा सरकार के माध्यम से दिल्ली के पानी को रोक लिया है। दिल्ली में आ रही यमुना की जल आपूर्ति रोकी जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पानी की कमी की शिकायतें आ रही हैं। ऐसी जगहों से भी समस्या आई, जहां पानी की समस्या कभी नहीं रही। जब पता लगाया गया तो हरियाणा का सच सामने आया।

आतिशी ने बताया कि वजीराबाद में यमुना का जल स्तर सामान्य तौर पर 675 फीट होता है। जब कम होता है, तो भी 672 फीट तक चला जाता है। मगर 11 मई से 21 मई तक हरियाणा दिल्ली का पानी रोक रहा है। 11 मई को जल स्तर 671 फीट था, ये तीन दिन तक बना रहा। 21 मई को पानी घटकर 671 फीट के भी नीचे आ गया।

25 मई को वोटिंग से पहले बीजेपी का षडयंत्र

आतिशी ने आरोप लगाया कि 25 मई को वोटिंग से पहले भाजपा नया षडयंत्र रच रही है। पानी की त्राहि त्राहि मचाने का षडयंत्र रच रही है। दिल्ली के लोगों को सतर्क करना चाहते हैं कि आने वाले कुछ दिनों में 25 मई तक आए दिन नई साजिश की जाएगी। वोटर्स को बरगलाया जाएगा। हालांकि अब भाजपा जितनी भी साजिश कर लो, दिल्ली वालों को बेवकूफ नहीं बना सकती। दिल्ली की सातों सीटें भाजपा हार रही है और आईएनडीआई गठबंधन जीत रहा है।

जरूरत पड़ी तो जाएंगे सुप्रीम कोर्ट: आतिशी

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार को पत्र लिखेंगे। जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। इतना कम स्तर यमुना का कभी नहीं हुआ। ये चुनाव से 5-7 दिन से पहले हो रहा है। 670.9 फुट पर यमुना आ गई है। यहीं से पानी सारे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *