महाराष्ट्र के तट पर संदिग्ध नाव देखी गई, पाकिस्तान से भेजे जाने का शक; राज्य को अलर्ट पर रखा गया

मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के रेवदंडा तट पर रविवार को एक संदिग्ध नाव देखे जाने के बाद तटीय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है। नाव को कोर्लई तट से लगभग दो नॉटिकल मील की दूरी पर सुरक्षा कर्मियों ने देखा, जिसके बाद रायगढ़ पुलिस, नौसेना, तटरक्षक बल, बॉम्ब डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS), और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने तत्काल संयुक्त अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाव पर विदेशी चिह्न देखे गए हैं, और संदेह है कि यह नाव पाकिस्तान से हो सकती है, जो समुद्री धाराओं के साथ रायगढ़ तट तक बहकर आई हो।

रायगढ़ की पुलिस अधीक्षक अंचल दलाल ने स्वयं तट का दौरा कर स्थिति की निगरानी की। भारी बारिश और तेज हवाओं ने नाव तक पहुंचने के प्रयासों को बाधित किया, जिसके चलते दलाल को एक बार्ज से वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने स्थानीय मछुआरों के साथ मिलकर रातभर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन नाव का पता नहीं चला। तटरक्षक बल ने हेलीकॉप्टर से खोज की योजना बनाई है।

2022 में भी रायगढ़ के तट पर एके 47 साथ एक नाव देखी गई थी

यह घटना 2022 में रायगढ़ के हरिहरेश्वर तट पर एक परित्यक्त नाव में AK-47 राइफलें मिलने की घटना की याद दिलाती है, हालांकि तब उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आतंकी साजिश से इनकार किया था। वर्तमान स्थिति में, सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्क हैं, खासकर 26/11 मुंबई हमलों के संदर्भ में, जहां समुद्री मार्ग से आतंकी घुसपैठ हुई थी।

रायगढ़ में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, और पूरे जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जांच में शामिल अधिकारी नाव के मूल और उद्देश्य की तह तक जाने के लिए हर संभव कोशिश करने का भरोसा दिया है। साथ ही इसके पीछे के मकसद का पता लगाने की बात कही है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, और जांच एजेंसियां सतर्कता बरत रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *