चीन में ‘ओपनक्लॉ AI’ का क्रेज: एक व्यक्ति की कंपनी चला रहे हजारों डिजिटल कर्मचारी, अब सरकार भी अलर्ट!

ओपनक्लॉ से डरी चीनी सरकार

नई दिल्ली। चीनी टेक जगत में हाल ही में ओपनक्लॉ नामक एक ओपन-सोर्स AI टूल तेजी से वायरल हो गया है। इसे लोग मजाक में “AI लॉबस्टर” या “डिजिटल लॉबस्टर पालना” कह रहे हैं, क्योंकि इसका लोगो लॉबस्टर जैसा है। यह टूल सामान्य चैटबॉट्स से अलग है। यह कंप्यूटर पर स्वतंत्र रूप से काम कर सकता है, जैसे इंटरनेट ब्राउज करना, ईमेल भेजना, रिपोर्ट तैयार करना, डेटा इकट्ठा करना और कई जटिल काम खुद-ब-खुद पूरा करना।

छोटे स्टार्टअप्स और फ्रीलांसर इसे बड़े पैमाने पर अपना रहे हैं। कई लोग एक ही व्यक्ति की कंपनी चला रहे हैं, जहां AI एजेंट्स (डिजिटल कर्मचारी) अलग-अलग भूमिकाएं निभाते हैं- जैसे मार्केट रिसर्च, कस्टमर सपोर्ट या रिपोर्टिंग। इससे लागत कम हो रही है और काम की स्पीड बढ़ रही है। चीन में टेक कंपनियां जैसे टेंसेंट ने इसके आधार पर अपने प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं और लोग इसे इंस्टॉल करवाने के लिए लाइन लगाकर जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर “लॉबस्टर पालना” ट्रेंड बन गया है।

चीनी सरकार और एजेंसियां अलर्ट

लेकिन इस क्रेज के साथ सुरक्षा की बड़ी चिंताएं भी उठी हैं। ओपनक्लॉ को कंप्यूटर में गहरी एक्सेस मिलती है, जिससे अगर कोई कमजोरी रह गई तो हैकर्स सिस्टम पर पूरा कंट्रोल ले सकते हैं। डेटा लीक, अनऑथराइज्ड कमांड्स या प्राइवेसी का खतरा बढ़ जाता है। चीनी सरकार और साइबर सिक्योरिटी एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

सरकारी दफ्तरों, बैंकों और स्टेट-ओन्ड कंपनियों में इसके इस्तेमाल पर पाबंदी या सख्त सलाह जारी की गई है। कुछ जगहों पर नेटवर्क में इसे ब्लॉक किया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना मजबूत सिक्योरिटी के इसे चलाना जोखिम भरा है, और अब अनइंस्टॉल करवाने वाली सर्विसेज भी चल निकली हैं। कुल मिलाकर, यह ट्रेंड इनोवेशन और रिस्क दोनों का मिश्रण बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *