मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर: बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल से हमला, उठ रहीं आग की लपटें

बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल से हमला

नई दिल्ली। इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास पर बड़ा हमला हुआ है। इराकी अधिकारियों के अनुसार, दूतावास परिसर के हेलीपैड को निशाना बनाकर एक मिसाइल दागी गई, जिसके बाद वहां से भारी धुआं उठता देखा गया और इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना ग्रीन जोन में हुई, जो सबसे सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है।

हमले के बाद दूतावास से काला धुआं निकलता दिखा और सोशल मीडिया पर वीडियो में आग व धुएं का गुबार साफ नजर आ रहा है। इराकी सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। हालांकि, अमेरिकी पक्ष से अभी तक हताहतों या सटीक नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिकी सैन्य और खुफिया कर्मियों पर इनाम घोषित

यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब ‘इराकी इस्लामिक रेजिस्टेंस’ जैसे विद्रोही गुटों ने हाल ही में अमेरिकी सैन्य और खुफिया कर्मियों पर इनाम घोषित किया था और एक अमेरिकी विमान को मार गिराने का दावा भी किया था।

माना जा रहा है कि यह हमला क्षेत्रीय तनाव और ईरान से जुड़े गुटों की प्रतिक्रिया का हिस्सा हो सकता है। दूतावास को दुनिया के सबसे सुरक्षित राजनयिक परिसरों में से एक माना जाता है, लेकिन मिसाइल का हेलीपैड तक पहुंचना सुरक्षा में बड़ी चूक दर्शाता है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और आगे की जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *