13 साल कोमा में रहे हरीश राणा का अंतिम वीडियो: माफी मांगते हुए दी गई अंतिम विदाई; आंखें भर आईं

13 साल कोमा में रहे हरीश राणा का अंतिम वीडियो

नई दिल्ली। गाजियाबाद के हरीश राणा का 21 सेकंड का आखिरी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो लोगों की आंखें नम कर दे रहा है। हरीश पिछले 13 सालों से वेजिटेटिव स्टेट (कोमा जैसी अवस्था) में थे। 2013 में चौथी मंजिल से गिरने के बाद गंभीर ब्रेन इंजरी आई थी, डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था। परिवार ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा और घर पर ही देखभाल की। सुप्रीम कोर्ट ने AIIMS की रिपोर्ट के आधार पर पैसिव यूथेनेशिया (लाइफ सपोर्ट हटाने की अनुमति) दे दी, ताकि सम्मानजनक मौत हो सके।

वीडियो में हरीश बिस्तर पर लेटे दिखते हैं, उनकी आंखें डबडबाई हुई हैं और होंठ हल्के-हल्के हिल रहे हैं, जैसे कुछ कहना चाहते हों लेकिन शब्द न निकल पा रहे हों। ब्रह्माकुमारी संस्था से आईं बहनें (एक का नाम लवली बताया जा रहा है) उनके साथ हैं। बहन धीरे से कहती हैं, “सबको माफ करते हुए, सबसे माफी मांगते हुए अब जाओ…”। फिर उनके माथे पर चंदन का तिलक लगाया जाता है और प्रार्थना की जाती है। कमरे में भावुक माहौल है, परिवार के सदस्य मौजूद हैं। यह वीडियो 13 मार्च 2026 को गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित उनके घर में ब्रह्माकुमारी सेंटर प्रभु मिलन भवन से आई बहनों के आने पर रिकॉर्ड किया गया था।

परिवार की जिंदगी हरीश के इर्द-गिर्द घूमती थी

परिवार ब्रह्माकुमारी से लंबे समय से जुड़ा है, जो मुश्किल वक्त में आध्यात्मिक सहारा देता रहा। हरीश की देखभाल पूरी फैमिली की दिनचर्या का हिस्सा थी। पिता अशोक राणा, मां और अन्य सदस्यों ने सालों तक सेवा की। सोसाइटी के लोग बताते हैं कि परिवार की जिंदगी हरीश के इर्द-गिर्द घूमती थी। वीडियो में कैद ये पल परिवार की धैर्य, सेवा और भावनाओं की गहरी कहानी बयां करते हैं।

वीडियो वायरल होने से लोग इसे मार्मिक बता रहे हैं, खासकर माफी और अलविदा के क्षण को। यह सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे परिवार की पीड़ा और साहस की कहानी बन गई है। कई लोग कमेंट्स में लिख रहे हैं कि “पत्थर दिल भी रो पड़ेगा”। मामला इच्छामृत्यु के अधिकार पर भी चर्चा छेड़ रहा है। हरीश को अब AIIMS में लाइफ सपोर्ट हटाने की प्रक्रिया चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *