म्यूजिक वीडियो में काम करने से नाराज थे राधिका के पिता? टेनिस खिलाड़ी की हत्या में आया नया मोड़

गुरुग्राम। गुड़गांव के सुशांत लोक इलाके में 10 जुलाई को एक दिल दहलाने वाली घटना में 25 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके पिता दीपक यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे सेक्टर 57 में उनके घर के पहले माले पर हुई, जब राधिका रसोई में खाना बना रही थीं।

पुलिस के अनुसार, दीपक ने अपनी लाइसेंस प्राप्त .32 बोर रिवॉल्वर से पांच गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन राधिका की पीठ में लगीं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मृत्यु हो गई। दीपक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्होंने अपराध कबूल कर लिया।

पिता-पुत्री के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद था

पुलिस जांच के अनुसार, हत्या का मुख्य कारण राधिका द्वारा संचालित टेनिस अकादमी को लेकर पिता-पुत्री के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद था। दीपक अपनी बेटी की आर्थिक स्वतंत्रता और अकादमी से नाराज थे। वे बार-बार अकादमी बंद करने को कह रहे थे, लेकिन राधिका ने मना कर दिया।

राधिका ने करवां नाम म्यूजिक वीडियो में किया था काम

दीपक ने पुलिस को बताया कि उनके गांव वजीराबाद में लोग उनकी बेटी की कमाई पर निर्भर रहने के लिए ताने मारते थे, जिससे उनकी इज्जत को ठेस पहुंची। इसके अलावा, राधिका की सोशल मीडिया गतिविधियां, खासकर एक साल पहले रिलीज हुए “करवां” नामक म्यूजिक वीडियो में उनकी उपस्थिति ने भी तनाव बढ़ाया। इस वीडियो में राधिका ने कलाकार INAAM के साथ रोमांटिक दृश्य किए थे।

राष्ट्रीय और जूनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी थी राधिका

राधिका एक होनहार टेनिस खिलाड़ी थीं, जिन्होंने राष्ट्रीय और जूनियर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का प्रतिनिधित्व किया। उनकी ITF डबल्स रैंकिंग 113 थी। दो साल पहले कंधे की चोट के बाद उन्होंने टेनिस खेलना छोड़ दिया और कोचिंग शुरू की। उनके कोच मनोज भारद्वाज ने इसे खेल जगत के लिए बड़ी क्षति बताया। पुलिस अन्य संभावित कारणों, जैसे राधिका के निजी जीवन की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *