नई दिल्ली। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 2 अप्रैल 2026 को खेले गए IPL 2026 के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मात्र 21 गेंदों पर 48 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। ट्रेविस हेड के साथ मिलकर उन्होंने SRH को तेज शुरुआत दी और टीम ने मैच 65 रनों से जीत हासिल की।
हालांकि, मैच के दौरान अभिषेक की जुबान फिसल गई। BCCI ने उन्हें IPL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन करने का दोषी पाया। यह धारा अपमानजनक, अश्लील या गाली-गलौज वाली भाषा के इस्तेमाल से संबंधित है, जो स्टंप माइक्रोफोन या अन्य माध्यम से दर्शकों और टेलीविजन दर्शकों तक पहुंच सकती है। अभिषेक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली।
मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट प्वाइंट
BCCI की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि अभिषेक शर्मा पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। यह लेवल-1 का अपराध माना गया।
अभिषेक का यह व्यवहार संभवतः विवादित कैच आउट के बाद की निराशा से जुड़ा था, जिसमें वरुण चक्रवर्ती ने डीप स्क्वायर लेग पर शानदार कैच लपका। तीसरे अंपायर ने आउट दिए जाने पर अभिषेक नाखुश नजर आए थे। IPL में खिलाड़ियों से अनुशासन बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है। अभिषेक की फॉर्म अच्छी है, लेकिन मैदान पर भावनाओं पर काबू रखना जरूरी है।
