हरिवंश राज्यसभा के उपसभापति निर्विरोध निर्वाचित, PM मोदी ने कहा- यह उनकी सहज कार्यशैली का प्रमाण है

हरिवंश राज्यसभा के उपसभापति निर्विरोध निर्वाचित

नई दिल्ली। मनोनीत सदस्य हरिवंश नारायण सिंह शुक्रवार को लगातार तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति निर्विरोध निर्वाचित किया गया। सदन के नेता जेपी नड्डा द्वारा पेश और एस फांग्नोन कोन्यक द्वारा समर्थित प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित कर हरिवंश का चुनाव हुआ। हरिवंश को उपसभापति निर्वाचित करने के लिए कुल पांच प्रस्ताव पेश किए गए।

प्रस्ताव पारित होने के बाद अध्यक्ष सी पी राधाकृष्णन ने कहा, “मैं घोषणा करता हूं कि हरिवंश जी को राज्यसभा का उपसभापति चुना गया है।” इसके बाद अध्यक्ष ने सदन के नेता नड्डा और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे से उन्हें उपसभापति के लिए निर्धारित सीट तक ले जाने का आग्रह किया। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में दोनों उन्हें विपक्ष के नेता के बगल वाली सीट पर ले गए।

9 अप्रैल को हरिवंश का कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्यसभा के उपसभापति का पद रिक्त हो गया था। बाद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें उच्च सदन के सदस्य के रूप में मनोनीत किया।

पीएम मोदी ने चुनाव पर दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी और खरगे ने हरिवंश को उनके चुनाव पर बधाई दी। उन्हें बधाई देते हुए मोदी ने कहा, “यह उनके अनुभव और उनकी सहज कार्यशैली की स्वीकृति का प्रमाण है।” प्रधानमंत्री ने कहा, “हम सभी ने हरिवंश जी के नेतृत्व में सदन की बढ़ती प्रभावशीलता देखी है और मैं कह सकता हूं कि वे न केवल सदन की कार्यवाही का संचालन करते हैं, बल्कि अपने जीवन के अनुभवों का उपयोग सदन को समृद्ध बनाने के लिए भी करते हैं।”

पत्रकार रह चुके हैं हरिवंश

मोदी ने कहा कि हरिवंश का तीसरी बार इस पद पर चुना जाना सदन के उन पर और उनके अनुभव पर विश्वास को दर्शाता है। यह पहली बार है कि किसी मनोनीत सदस्य को उपसभापति चुना गया है। हरिवंश पहले पत्रकार रह चुके हैं। खरगे ने आशा व्यक्त की कि उपसभापति विपक्ष का ध्यान रखेंगे और उन्हें सदन में पर्याप्त समय देंगे। विपक्ष के नेता ने आशा व्यक्त की कि अपने तीसरे कार्यकाल के दौरान, हरिवंश लोकतंत्र को जीवित रखने में मदद करने के लिए विपक्ष को अधिक महत्व देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *