जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में बस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत, बचाव अभियान जारी

उधमपुर में बस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत

नई दिल्ली। जम्मू और कश्मीर में उधमपुर के कानोटे गांव में एक बस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। बस रामनगर से उधमपुर जा रही थी। पुलिस के अनुसार, घायलों को उधमपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और बचाव अभियान जारी है।

उधमपुर पुलिस ने एक बयान में कहा, “रामनगर-उधमपुर मार्ग पर एक बस दुर्घटना की सूचना मिली है। डीआईजी उधमपुर रेंज, एसएसपी उधमपुर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।”

केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने स्थिति का जायजा लेने के लिए उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा से बात की। उन्होंने कहा कि प्रशासन गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि वे स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।

भारी संख्या में हताहत होने की आशंका: जितेंद्र सिंह

केंद्रीय मंत्री ने लिखा, “अभी-अभी उधमपुर के डीसी मिंगा शेरपा से बात की, क्योंकि मुझे एक घंटे से भी कम समय पहले कानोटे गांव में रामनगर से उधमपुर जा रही एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है। भारी संख्या में हताहतों की आशंका है।”

उन्होंने कहा कि हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा। गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है। मैं स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ राजिंदर शर्मा के नेतृत्व में हमारी स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के साथ लगातार संपर्क में हूं।

एलजी मनोज सिन्हा ने व्यक्त की संवेदना

जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। उधमपुर में हुआ यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *