अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी, राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित; हमलावर को लगी गोली

अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर गोलीबारी

नई दिल्ली। व्हाइट हाउस के पास एक संदिग्ध व्यक्ति द्वारा सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश के बाद अचानक गोलीबारी हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जिस वक्त यह घटना हुई, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रेस ब्रीफिंग की तैयारी में थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से सीक्रेट सर्विस के एजेंट उन्हें तुरंत ओवल ऑफिस से सुरक्षित स्थान पर ले गए। एहतियात के तौर पर व्हाइट हाउस को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया और सभी वीआईपी (VIPs) को सुरक्षित ठिकानों पर स्थानांतरित कर दिया गया।

सीक्रेट सर्विस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर को गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, हमलावर ने परिसर के बाहरी घेरे के पास आक्रामक व्यवहार दिखाया था, जिसके बाद एजेंटों को मजबूरन बल प्रयोग करना पड़ा। शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया है कि इस घटना में किसी भी सुरक्षाकर्मी या नागरिक को चोट नहीं आई है और स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया।

ट्रम्प ने सीक्रेट सर्विस की तारीफ की

घटना के कुछ ही समय बाद राष्ट्रपति ट्रंप दोबारा मीडिया के सामने आए और स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने सीक्रेट सर्विस की मुस्तैदी और पेशेवर अंदाज की सराहना करते हुए कहा कि वे पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। फिलहाल एफबीआई (FBI) और स्थानीय पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर का मकसद क्या था और क्या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था। व्हाइट हाउस के आसपास की सुरक्षा को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *