जमीन पर बैठकर रुपये की गिनती, डार्क ब्लू रंग का ड्रेस पहनना अनिवार्य… राम मंदिर में बदल गए नियम

राम मंदिर में बदल गए नियम

नई दिल्ली। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के कथित मामले के बाद मंदिर ट्रस्ट ने दान राशि की गिनती (काउंटिंग) व्यवस्था में सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए बड़े बदलाव किए हैं। अब काउंटिंग हॉल में सुरक्षा बेहद सख्त कर दी गई है और कर्मचारियों को दोहरे स्तर (डबल चेकिंग) की जांच से गुजरने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

नए नियमों के तहत काउंटिंग में शामिल होने वाले कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू किया गया है, जिसके अनुसार उन्हें बिना जेब (नो-पॉकेट) वाली डार्क ब्लू रंग की ड्रेस पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा अब दान की गिनती कुर्सी-मेज पर होने के बजाय जमीन पर बैठकर कराई जाएगी। हॉल के भीतर मोबाइल फोन, कैमरा, बैग और जूतों-चप्पलों जैसी निजी चीजों को ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

अनुकल्प मिश्रा को लेकर नए खुलासे के बाद नियम सख्त

यह सख्त कदम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर हुए नए खुलासों के बाद उठाया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अनुकल्प को ‘व्यवस्था कार्यकर्ता’ के तौर पर एंट्री पास जारी किया जाता था, जिसका फायदा उठाकर वह विशेष आयोजनों के दौरान मंदिर परिसर में दाखिल होता था और दान राशि की गिनती की प्रक्रिया में शामिल हो जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *