जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का 15वां दिन, सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी

सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ी

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) सहित अन्य परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और शिक्षा क्षेत्र में जवाबदेही की मांग को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का आंदोलन 15वें दिन भी जारी रहा। इस विरोध प्रदर्शन के बीच प्रसिद्ध पर्यावरणविद् और शिक्षाविद सोनम वांगचुक भी पिछले 7 दिनों से भूख हड़ताल (अनशन) पर बैठे हैं। लगातार अनशन के कारण वांगचुक की सेहत बिगड़ती जा रही है और उनका वजन लगभग 5 किलो तक कम हो चुका है।

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है। दिपके ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि परीक्षाओं में धांधली और छात्रों की दिक्कतों के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने का इंतजार क्यों कर रहे हैं? उन्होंने चेतावनी दी कि यदि वांगचुक के स्वास्थ्य को कुछ भी नुकसान पहुंचता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

सीजेपी को कई दलों ने भी दिया समर्थन

इस बीच, सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया के जरिए लद्दाख के मुद्दों को लेकर सरकार और वहां के प्रतिनिधियों के बीच गृह मंत्रालय की बातचीत में हुई प्रगति का स्वागत किया है। लेह एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के नेताओं ने भी इस सकारात्मक बातचीत का श्रेय वांगचुक की भूख हड़ताल को दिया है। हालांकि, शिक्षा क्षेत्र में जवाबदेही और मंत्री की बर्खास्तगी की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर कांग्रेस, वामपंथी दलों और कई छात्र संगठनों का यह आंदोलन अभी भी डटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *