टीम इंडिया के लिए डेब्यू का इंतजार कर रहे वैभव सूर्यवंशी को संजू सैमसन ने दिया हौसला, VIDEO वायरल

वैभव सूर्यवंशी को संजू सैमसन ने दिया हौसला

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैंड दौरे पर, मेजबान टीम के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले एक बेहद खूबसूरत वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में सीनियर विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बीच एक शानदार बॉन्डिंग देखने को मिल रही है। नेट प्रैक्टिस के दौरान संजू, वैभव के कंधे पर हाथ रखकर बड़े भाई की तरह उन्हें खास बैटिंग टिप्स देते और उनका हौसला बढ़ाते नजर आए।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तब वायरल हो रहा है जब फैन्स और क्रिकेट एक्सपर्ट्स द्वारा वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू की मांग लगातार तेज हो रही है। संजू और वैभव की यह दोस्ती आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स से जुड़ी है, जहां संजू के चोटिल होने के बाद वैभव को मौका मिला था और उन्होंने आईपीएल में 776 रन बनाकर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया था। अब टीम इंडिया के नेट सत्र में दोनों के बीच की यह बॉन्डिंग फैन्स का दिल जीत रही है।

वैभव को प्लेइंग-11 में शामिर करने का बढ़ा दबाव

दूसरी तरफ, ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे संजू सैमसन का हालिया फॉर्म कुछ खास नहीं रहा है और पिछली तीन टी20 पारियों में उन्होंने केवल 6 रन बनाए हैं, जिसके कारण वैभव को प्लेइंग-11 में शामिल करने का दबाव बढ़ गया है। हालांकि, भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने स्पष्ट किया है कि टीम मैनेजमेंट बाहरी दबाव में आकर बदलाव नहीं करेगा और सीनियर खिलाड़ियों का पूरा समर्थन करेगा। ऐसे में सस्पेंस बना हुआ है कि दूसरे टी20 में वैभव को डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *