अमित शाह ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया घोषणा पत्र, महिलाओं को हर माह 2100 रुपये देने का वादा

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र (संकल्प पत्र) जारी किया। झारखंड चुनाव के लिए भाजपा के संकल्प पत्र में, पार्टी ने राज्य के गठन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 25 संकल्पों को रेखांकित किया। इनमें ‘गोगो दीदी’ योजना के तहत महिलाओं को प्रति माह 2,100 रुपये देने का वादा किया गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) सरकार में महिलाएं और आदिवासी सुरक्षित नहीं हैं. झारखंड संकल्प पत्र के विमोचन के अवसर पर, गृह मंत्री अमित शाह ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की और उस पर राज्य की पहचान की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

5 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा

अमित शाह ने कहा, “‘गोगो दीदी योजना’ के तहत महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये दिए जाएंगे। दिवाली और रक्षाबंधन पर मुफ्त एलपीजी गैस सिलेंडर दिए जाएंगे और सिलेंडर 500 रुपये में दिए जाएंगे। झारखंड के युवाओं के लिए 5 लाख रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।” अमित शाह ने कहा, “झारखंड में UCC (समान नागरिक संहिता) लागू किया जाएगा लेकिन आदिवासी समुदाय को UCC के दायरे से बाहर रखा जाएगा।”

झारखंड की जनता को दीजिए जवाब: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “हेमंत सोरेन पीएम मोदी से 1 लाख करोड़ का हिसाब मांग रहे थे। मैं हिसाब लेकर आया हूं, अगर हिम्मत है तो इसका जवाब झारखंड की जनता को दीजिए। जिस कांग्रेस और लालू प्रसाद की गोदी में आप बैठे हैं उनकी UPA सरकार ने 2004 से 2014 तक झारखंड को 10 साल में 84 हजार करोड़ देने का काम किया था। पीएम मोदी ने 2014 से 2024 के बीच में 3 लाख 8 हजार करोड़ रुपया झारखंड देने का काम किया।”

झारखंड का भविष्य सुनिश्चित करने का चुनाव: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “झारखंड का ये चुनाव ना केवल सरकार बदलने का चुनाव है बल्कि झारखंड का चुनाव झारखंड का भविष्य सुनिश्चित करने का चुनाव है। झारखंड की महान जनता ने तय करना है कि आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई सरकार चाहिए या विकास के रास्ते पर पीएम मोदी के नेतृत्व में चलती हुई भाजपा सरकार चाहिए। घुसपैठ कराकर झारखंड की अस्मिता रोटी, बेटी, माटी तीनों को खतरे में डालने वाली सरकार चाहिए या परिंदा भी पैर ना मार सके ऐसी सरहद की सुरक्षा करने वाली भाजपा सरकार चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *