नई दिल्ली। अगले महीने होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ आप और विपक्षी भाजपा के बीच सोशल मीडिया पर ताजा खींचतान चल रही है। आप ने मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं करने के लिए भाजपा पर कटाक्ष किया और एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें बिना दूल्हे के घोड़े को दिखाया गया है।
वहीं पीछे न हटते हुए भाजपा ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी पर ‘आपदा’ तंज के साथ जवाब दिया और कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में आएगी। भगवा पार्टी 1998 से सत्ता से बाहर है।
केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी बनीं थी सीएम
पिछले साल सितंबर में अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए केजरीवाल ने कहा था कि वह मुख्यमंत्री के रूप में तभी वापसी करेंगे जब दिल्ली के लोग उन्हें आगामी चुनावों में ईमानदारी का प्रमाण पत्र देंगे। शराब नीति मामले में जमानत मिलने के बाद केजरीवाल ने इस्तीफा दे दिया था। वह छह महीने तक जेल में रहे थे। उसके बाद आप नेता आतिशी शीर्ष पद के लिए उनकी जगह लीं थी।
पीएम मोदी ने आप सरकार को आपदा कहा था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आप सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और दिल्ली के लिए ‘आपदा’ बन गई है। पीएम मोदी ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार में एक रैली में कहा, “उन्होंने शराब घोटाला, स्कूल घोटाला और प्रदूषण घोटाला किया है। वे खुलेआम भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और इसे प्रचारित भी कर रहे हैं। यह दिल्ली के लिए एक आपदा है और यहां के लोगों ने इस आपदा के खिलाफ युद्ध की घोषणा की है।” इसके बाद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि असली संकट बीजेपी के भीतर ही है।
आपदा दिल्ली में नहीं भाजपा में है: केजरीवाल
उन्होंने कहा, “संकट दिल्ली में नहीं है। यह भाजपा के भीतर है। पहली आपदा यह है कि भाजपा के पास मुख्यमंत्री पद का कोई चेहरा नहीं है। दूसरी बात यह है कि भाजपा के पास कोई नैरेटिव नहीं है। तीसरी बात यह है कि भाजपा के पास कोई एजेंडा नहीं है।” चुनाव आयोग ने अभी तक दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को समाप्त हो जाएगा।