एक्टर पंकज त्रिपाठी पर टूटा दुखों का पहाड़, सड़क हादसे में जीजा की मौत; बहन की हालत गंभीर

सड़क हादसे में एक्टर पंकज त्रिपाठी के जीजा की मौत

नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी की बहन और बहनोई का झारखंड में दर्दनाक एक्सीडेंट हुआ है। खौफनाक सड़क दुर्घटना में पंकज त्रिपाठी के जीजा की मौत हो गई। वहीं, उनकी बहन की हालत गंभीर बताई जा रही है। धनबाद में हुई सड़क दुर्घटना का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है, जिसे देख लोगों के होश उड़ गए। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि भीड़ वाली सड़क पर पंकज के बहनोई की तेज रफ्तार कार दूर से आते हुए अचानक डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे के वक्त पंकज के बहनोई राकेश तिवारी कार चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, उन्होंने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर झारखंड के धनबाद में वाहन सीधे एक डिवाइडर से टकरा गया। सीसीटीवी फुटेज में कार को एक मिनट से भी कम समय में डिवाइडर से टकराने से पहले सड़क पर तेजी से दौड़ते देखा जा सकता है।

अस्पताल पहुंचने के बाद मृत घोषित

कार में मौजूद पंकज की बहन सरिता को भी स्थानीय लोगों ने राकेश के साथ अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, राकेश को ‘मृत घोषित’ कर दिया गया। दूसरी ओर, सरिता के पैर में फ्रैक्चर हो गया और कई अन्य चोटें आईं। उनका वर्तमान में धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में इलाज चल रहा है।

चिराग पासवान ने जताया दुख

एक्टर की बहन और जीजा बिहार के गोपालगंज स्थित अपने गांव से झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल जा रहे थे कि तभी यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि निरसा मार्केट चौक के पास यह हादसा हुआ। हादसा शनिवार शाम करीब 4 बजे हुआ। मालूम हो कि अभी तक पंकज त्रिपाठी की ओर से कोई भी बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, उनके करीबी और नेता चिराग पासवान ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुख जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *