लंदन के होटल में एयर इंडिया की क्रू मेंबर पर अनजान शख्स ने किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। एयर इंडिया की एक महिला क्रू सदस्य पर लंदन के एक होटल में उसके कमरे के अंदर एक घुसपैठिये ने हमला कर दिया। एयरलाइन कंपनी ने कहा कि यह घटना एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनी द्वारा संचालित होटल में हुई। होटल ने कहा कि पुलिस जांच चल रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला लंदन के हीथ्रो स्थित रेडिसन रेड होटल में हुआ और एयरलाइन स्टाफ ने पहले ही होटल में सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, एक शख्स होटल के उस कमरे में घुस गया, जहां चालक दल की महिला सदस्य रह रही थीं। जैसे ही वह उठी और शख्स को देखा, तो उस व्यक्ति ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। रिपोर्ट में कहा गया है कि उसे फर्श पर खींचने से पहले उसने कपड़े टांगने वाले टांगे से उस पर वार किया।

क्रू मेंबर को अस्पताल ले जाया गया

वह मदद के लिए चिल्लाई और कमरे से बाहर भागने की कोशिश की लेकिन शख्स ने उसे ऐसा करने से रोक दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसके सहकर्मियों ने उसकी चीखें सुनीं और उसे बचाने आए। घटना के बाद क्रू मेंबर को अस्पताल ले जाया गया। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, “एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनी द्वारा संचालित होटल में घुसपैठ की एक गैरकानूनी घटना से हम बहुत दुखी हैं, जिससे हमारे चालक दल की एक सदस्य प्रभावित हुई है।”

टीम को हरसभंव मदद दे रहे: एयर इंडिया

एयरलाइन ने कहा, “हम पेशेवर परामर्श सहित अपने सहयोगियों और उनकी टीम को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। एयर इंडिया मामले को कानून की पूरी सीमा तक आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ और होटल प्रबंधन के साथ भी काम कर रही है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”

एयरलाइन ने उन रिपोर्टों पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है जिनमें कहा गया है कि चालक दल के सदस्य का यौन उत्पीड़न किया गया होगा। सूत्रों में से एक ने पीटीआई को बताया कि होटल में कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया गया था, जबकि दो अन्य सूत्रों ने दावा किया कि यह शारीरिक हमला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *