संगीतकार ए.आर. रहमान की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में हो रहा इलाज

नई दिल्ली। प्रसिद्ध संगीतकार और ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान को रविवार सुबह अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद चेन्नई के ग्रीम्स रोड स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 58 वर्षीय रहमान की तबीयत बिगड़ने पर उनके परिवार ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत पर निगरानी रख रही है।

अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, रहमान को सुबह करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया, जहां उनकी प्रारंभिक जांच में ईसीजी और इकोकार्डियोग्राम शामिल हैं। डॉक्टरों ने उनकी एंजियोग्राफी भी की है और उनकी स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

उनकी पूर्व पत्नी सायरा बानो भी थी बीमार

यह घटना रहमान की पूर्व पत्नी सायरा बानो की हालिया स्वास्थ्य समस्याओं के बाद सामने आई है। कुछ सप्ताह पहले सायरा को मेडिकल इमरजेंसी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी सर्जरी हुई थी। उन्होंने अपने स्वास्थ्य के बारे में बयान जारी कर शुभचिंतकों से प्रार्थना की अपील की थी।

मोजार्ट ऑफ मद्रास के नाम से हैं फेमस

ए.आर. रहमान ने भारतीय सिनेमा में अपने संगीत के माध्यम से एक विशेष स्थान बनाया है। उनकी रचनाएं न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराही जाती हैं। उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर से संगीत प्रेमियों और फिल्म उद्योग में चिंता की लहर दौड़ गई है। रहमान को ‘मोजार्ट ऑफ मद्रास’ के नाम से भी जाना जाता है।

डॉक्टरों की टीम लगातार नजर रख रही

फिलहाल, अस्पताल प्रशासन या रहमान के परिवार की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है और उम्मीद है कि जल्द ही उनकी स्थिति में सुधार होगा।

संगीत जगत के कई प्रमुख हस्तियों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से ए.आर. रहमान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उनकी संगीत यात्रा और योगदान को देखते हुए, सभी उनकी जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *