नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की मानसिक स्वास्थ्य सुधार और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग, नवा रायपुर अटल नगर ने आदेश जारी कर विपश्यना प्रशिक्षण के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश (Special Casual Leave) देने की अनुमति दे दी है।
इसके तहत राज्य के सभी सरकारी अधिकारी और कर्मचारी मान्यता प्राप्त विपश्यना केंद्रों में 10 दिनों के आवासीय विपश्यना प्रशिक्षण में भाग ले सकेंगे। यात्रा के समय सहित कुल अधिकतम 12 दिन का विशेष अवकाश मिलेगा। इस दौरान कर्मचारियों को पूरा वेतन मिलेगा और इसे ‘ड्यूटी’ के रूप में गिना जाएगा।
पूरे सेवाकाल में मिलेगा छह बार अवकाश
एक कर्मचारी अपने पूरे सेवा काल में इस प्रकार का अवकाश अधिकतम छह बार ले सकता है। अवकाश स्वीकृत कराने के लिए संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारी की मंजूरी जरूरी होगी। आवेदन के समय विपश्यना केंद्र का प्रवेश पत्र (Admission Letter) जमा करना अनिवार्य है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद समापन प्रमाण पत्र भी देना होगा, अन्यथा अवकाश को सामान्य छुट्टी में बदल दिया जाएगा।
सरकार का मानना है कि विपश्यना ध्यान कर्मचारियों में मानसिक तनाव कम करने, प्रोडक्टिविटी बढ़ाने और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में मददगार साबित होगा। हालांकि, यात्रा खर्च या अन्य किसी अतिरिक्त खर्च का बोझ राज्य सरकार नहीं उठाएगी।
यह फैसला उन राज्यों की बढ़ती प्रवृत्ति का हिस्सा है जहां सरकारी कर्मचारियों की मेंटल हेल्थ को प्राथमिकता दी जा रही है। विपश्यना प्रशिक्षण के बाद कर्मचारियों की कार्यक्षमता और फोकस में सुधार आने की उम्मीद है।
