चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में रविदास मंदिर एवं धर्मशाला में आयोजित डॉ. बीआर अंबेडकर सम्मान समारोह में कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. बीआर अंबेडकर के आदर्शों पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस सरकार ने गरीबों को सशक्त बनाने, पिछड़ों को खुशहाल करने और हर नागरिक को न्याय दिलाने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने 2025 को संविधान गौरव वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की, ताकि बाबा साहेब के कार्यों और आदर्शों को याद किया जा सके।
धर्मशाला में अंबेडकर भवन का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने रविदास मंदिर एवं धर्मशाला में अंबेडकर भवन का उदघाटन किया और संस्था को 21 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना की और धर्मशाला में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। सैनी ने कहा कि बाबा साहेब ने अपना जीवन गरीबों और पिछड़ों के उत्थान के लिए समर्पित किया, जातिवाद, छुआछूत और असमानता को दूर करने के लिए संघर्ष किया।
उनकी नीतियों को अपनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुषमान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर शौचालय जैसी योजनाओं से गरीबों को सम्मान दिया। हरियाणा में 36 हजार लोगों के खातों में 151 करोड़ रुपये जमा कराए गए।
1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी: सैनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिना भेदभाव के 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दीं। बाबा साहेब के जीवन को याद रखने के लिए पांच स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी बाबा साहेब के पदचिन्हों पर चलकर जनता की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
कार्यक्रम में संस्था के प्रधान श्याम लाल ने मेहमानों का स्वागत किया और मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। मंच संचालन सुभाष कलसाना और राम मेहर शास्त्री ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष तजिन्द्र सिंह गोल्डी, जिला परिषद अध्यक्षा कंवलजीत कौर, नगर परिषद थानेसर अध्यक्षा माफी ढांडा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
