नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार करने को लेकर विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र पर पूर्व प्रधानमंत्री का अपमान करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने दावा किया कि सरकार ने न केवल मनमोहन सिंह बल्कि उनके परिवार का भी अनादर किया है। भाजपा ने जवाब देते हुए कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए दुख के क्षण का फायदा उठाने का आरोप लगाया।
निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार संपन्न होने के कुछ घंटों बाद राहुल गांधी ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार वहां करने का निर्णय पूर्व पीएम का पूरा अपमान था और कहा कि सरकार को उनके प्रति सम्मान दिखाना चाहिए था। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का आज निगमबोध घाट पर अंतिम संस्कार करके वर्तमान सरकार ने पूरी तरह से उनका अपमान किया है।”
मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च और स्मृति के पात्र: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, “आज तक सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों की गरिमा का सम्मान करते हुए उनका अंतिम संस्कार अधिकृत अंत्येष्टि स्थलों पर किया गया ताकि हर व्यक्ति बिना किसी असुविधा के अंतिम दर्शन कर सके और श्रद्धांजलि दे सके। डॉ. मनमोहन सिंह हमारे सर्वोच्च सम्मान और स्मृति के पात्र हैं। सरकार को देश के इस महान सपूत और गौरवशाली सिख समुदाय के प्रति सम्मान दिखाना चाहिए था।”
सिख समुदा के साथ न्याय नहीं हुआ: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के सुर में सुर मिलाते हुए कहा, ‘सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री के पद की गरिमा, मनमोहन सिंह के व्यक्तित्व, उनकी विरासत और स्वाभिमानी सिख समुदाय के साथ न्याय नहीं किया है।’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार के सदस्यों को अंत्येष्टि स्थल पर जगह के लिए संघर्ष करते, भीड़ में जगह ढूंढने की कोशिश करते और आम जनता को जगह की कमी के कारण परेशान होते और बाहर सड़क से श्रद्धांजलि देते देखा।