खरीद नहीं होने से बारिश की भेंट चढ़ रही किसान की धान, भूपेंद्र हुड्डा ने सरकार से की मुआवजे की मांग

पवन चोपड़ा, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी जानबूझकर किसानों को एमएसपी से वंचित रखना चाहती है। कई दिनों से खेतों में धान की फसल पकी खड़ी है और सैकड़ों किसान की धान मंडियों में पहुंच चुकी है, लेकिन सरकार धान की खरीद को लेकर कभी 15, कभी 23 तो कभी 27 तारीख देती है, लेकिन खरीद शुरू नहीं हो रही। पिछले दो दिन बारिश किसानों की फसल बर्बाद कर रही है। खेत में खड़ी फसल और मंडी में पड़ी धान दोनों पर पानी फिर गया है। इसके चलते किसानों को भारी नुकसान हुआ। सरकार को तुरंत किसानों को मुआवजा देना चाहिए।

हुड्डा ने कहा कि खरीद में देरी के चलते मजूबरी में किसानों को एमएसपी से 500 रुपए कम में अपनी फसल बेचनी पड़ रही हैं। किसानों को हो रहे इस नुकसान की भरपाई भी सरकार द्वारा की जानी चाहिए।

हुड्डा शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित रैली में बोल रहे थे। उन्होंने बारिश के पानी में खड़े हजारों लोगों को धन्यवाद करते हुए कहा कि मैंने रैलियां बहुत देखी, लेकिन पहली बार पानी में खड़ी रैली देख रहा हूं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप मेरे कहने पर थानेसर से अशोक अरोड़ा को विजयी बनाकर भेजना और सरकार में कुरुक्षेत्र की मजबूत हिस्सेदारी कर लेना।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा को सबसे ज्यादा बेरोजगारी, सबसे ज्यादा अपराध, सबसे ज्यादा नशे और सबसे ज्यादा पलायन की गर्त में धकेल दिया है। बेरोजगारी के चलते युवा या तो हरियाणा से पलायन कर रहे हैं, नहीं तो नशे व अपराध की चपेट में आ रहे हैं। प्रदेश में अपराध पूरी तरह बेकाबू हो चुका है। कुरुक्षेत्र में भी बेखौफ बदमाश कई दिल दहला देने वाली वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। कांग्रेस इस खौफ के माहौल से हरियाणा की जनता को छुटकारा दिलाना चाहती है।

कुरुक्षेत्र में भ्रष्टाचार और बदमाशी का होगा अंत: अरोड़ा

कांग्रेस प्रत्याशी अशोक अरोड़ा ने कहा कि पिछले 10 साल में भाजपा ने कुरुक्षेत्र को भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का अड्डा बना दिया है। जब प्रॉपर्टी आईडी ठीक करने पर ज्यादा पैसे लेने की शिकायत यहां के भाजपा विधायक से की गई तो उन्होंने कहा था कि यहां के दलालों के नाम बताऊंगा, लेकिन एक साल के बाद भी दलालों के नाम नहीं बताए। कुरुक्षेत्र में विकास का दावा भाजपा द्वारा किया जाता है, लेकिन सड़क के गड्ढे गवाही दे रहे हैं कि यहां पर कितना भ्रष्टाचार हुआ है। सबको पता है किसने जनता के पैसे से जमीनें खरीदी हैं। उन्होंने कुरुक्षेत्र में सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सात दिन में ही पांच व्यापारियों से लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने हुड्डा से बदमाशी खत्म करने और कुरुक्षेत्र में हुए भ्रष्टाचार की जांच की मांग की। रैली को राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के अध्यक्ष अशोक मेहता, पूर्व विधायक चौधरी लहरी सिंह, पंजाब सरकार में पूर्व मंत्री सरदार गुरप्रीत सिंह भी मौजूद रहे।

भाजपा-इनेलो छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए कई नेता

नगर परिषद की पूर्व प्रधान के बेटे विशाल सिंगला, बीजेपी एससी सेल जिलाध्यक्ष सुलतान अजराना, इनेलो की महिला हलका प्रधान कांता रानी, शाहाबाद से बीजेपी महामंत्री विजय कश्यप, पूर्व जिला मीडिया प्रभारी सुनील, बीजेपी थानेसर सिटी से महिला अध्यक्ष सुमेधा ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सभी का स्वागत किया और कांग्रेस में पूर्ण मान-सम्मान का भरोसा दिलाया।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोगों ने कांग्रेस के दस साल का भी राज देखा और अब बीजेपी का राज भी देख लिया। कांग्रेस जनता को कल्याणकारी योजनाएं देती है तो बीजेपी लाठियां देती है। भाजपा ने कर्मचारी, सरपंच, आंगनबाड़ी वर्कर्स, किसान, नौजवान और पहलवान हर वर्ग पर लाठियां बरसाई हैं। नशा तस्करों को संरक्षण देने की वजह से भाजपा राज में गली-गली में नशा पहुंच गया है। पंजाब से भी ज्यादा मौत हरियाणा में हो रही हैं। हमने युवाओं को खिलाड़ी बनाया था, लेकिन इन्होंने नशेड़ी बना दिया। युवा लाखों रुपए खर्च कर व जान हथेली पर रख डंकी रूट से विदेश जा रहे हैं। भाजपा ने रोजगार खत्म करने का काम किया है। इसलिए अब पूरे हरियाणा से एक ही आवाज गूंज रही है- कांग्रेस आ रही है, भाजपा जा रही है।

बीजेपी की नीतियां पूरी तरह किसान विरोधी: भूपेंद्र हुड्डा

हुड्डा ने कहा कि बीजेपी की नीतियां पूरी तरह किसान विरोधी हैं। आज किसान खुद कह रहे हैं कि कांग्रेस के राज में, जीरी गई जहाज में और अब बीजेपी की राज में ‘जीरी गई ब्याज में’। क्योंकि कांग्रेस सरकार के दौरान जीरी 4000 रुपए तक बिकती थी और अब 2000 रुपए। इसी तरह कांग्रेस ने गन्ने के भाव में रिकॉर्डतोड़ 193 की बढ़ोत्तरी की थी। कांग्रेस ने 117 रुपये से बढ़ाकर गन्ने का रेट 310 रुपये किया था, यानी 165% की बढ़ोत्तरी। लेकिन बीजेपी ने 10 साल के भीतर गन्ने के रेट में बमुश्किल 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। किसानों की आय बढ़ाना तो दूर किसान पर तीन काले कानून थोपे गए। 750 किसानों ने शहादत देकर सरकार को उन्हें वापस लेने को मजबूर किया।

भाजपा सरकार तो खुद ठेकेदार बन गई: हुड्डा

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नौकरियों में ठेकेदारी खत्म की थी, लेकिन भाजपा सरकार तो खुद ठेकेदार बन गई। कौशल रोजगार निगम में बीजेपी ने बिना आरक्षण, बिना मेरिट, बिना पेंशन और मामूली तनख्वाह पर युवाओं को भर्ती कर उनका शोषण किया है। कौशल रोजगार निगम की आड़ में भाजपा ने एससी और ओबीसी का आरक्षण खत्म कर दिया। कांग्रेस सरकार बनने पर कौशल निगम के कर्मियों को रेगुलर किया जाएगा और उन्हें उचित वेतन दिया जाएगा। भविष्य में कांग्रेस सरकार भर्ती में मेरिट और आरक्षण की व्यवस्था पूरी तरह लागू करते हुए 2 लाख पक्की नौकरियां देगी।

साथ ही कांग्रेस सरकार बनने पर 6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन, एमएसपी की कानूनी गारंटी, 300 यूनिट बिजली मुफ्त, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, 100-100 गज के मुफ्त प्लाट व दो कमरे का मकान, ओबीसी की क्रीमी लेयर 10 लाख रुपए, ओल्ड पेंशन स्कीम और 25 लाख रुपए तक गरीबों के मुफ्त इलाज के अपने वादे को हर हाल में पूरा किया जाएगा। शनिवार को कांग्रेस का पूरा घोषणापत्र जारी किया जाएगा, जो कांग्रेस सरकार के पूरे रोडमैप के बारे में बताएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *