AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED का छापा, केजरीवाल बोले- पंजाब चुनाव के लिए BJP की ‘तैयारी’ शुरू

AAP सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED का छापा

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को AAP नेता अशोक कुमार मित्तल के घर पर छापेमारी की। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करके पंजाब में आगामी चुनाव के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि ED ने बुधवार को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत पंजाब और हरियाणा में AAP राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल के व्यापारिक और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की।

केजरीवाल ने कहा, “मोदी जी ने पंजाब में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन, पंजाब की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी… वे भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देंगे।” विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के प्रावधानों के तहत जालंधर और गुरुग्राम में लगभग 10 स्थानों को शामिल किया गया है। ईडी अधिकारियों ने बताया कि इसमें फागवारा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) और गुरुग्राम में स्थित इससे संबद्ध दो शिक्षण संस्थान, टेट्र कॉलेज ऑफ बिजनेस और मास्टर्स यूनियन कॉलेज ऑफ बिजनेस शामिल हैं।

मित्तल को पार्टी ने राज्यसभा में बनाया था उपनेता

मित्तल को हाल ही में राज्यसभा में आम आदमी पार्टी का उपनेता नियुक्त किया गया है। उन्होंने सांसद राघव चड्ढा का स्थान लिया है। 61 वर्षीय AAP नेता फागवारा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति भी हैं। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए AAP नेताओं ने भाजपा पर चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। भारतीय जनता पार्टी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

सीएम भगवंत मान ने भी बीजेपी पर बोला हमला

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा ने राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं, जहां वर्तमान में AAP की सरकार है। AAP नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि यह कार्रवाई संकेत देती है कि भाजपा ने पंजाब में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं और सवाल उठाया कि क्या पार्टी ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों पर निर्भर हुए बिना चुनाव लड़ सकती है।

मनीष सिसोदिया ने भी लगाए गंभीर आरोप

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि राज्यों में चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों को तैनात किया जाता है, जिसके बाद भाजपा नेताओं के राजनीतिक दौरे होते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए उस पर तानाशाही तरीके से काम करने का आरोप भी लगाया। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि ये तलाशी अभियान एफईएमए की चल रही जांच का हिस्सा है और मित्तल की व्यावसायिक संस्थाओं से जुड़े विभिन्न परिसरों में चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *