नई दिल्ली। अक्षय कुमार ने बॉलीवुड पर ईरान-इजरायल जंग के असर को लेकर चिंता जताई है। ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव के माहौल में पूरा धंधा चौपट हो गया है। शेयर मार्केट क्रैश हो रहा है और कॉन्सर्ट्स भी कैंसिल हो रहे हैं।
अक्षय ने न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा, “हमारे लिए फिलहाल सिर्फ सिनेमा सबसे जरूरी है। मैं उम्मीद करता हूं कि ये जो कॉन्सर्ट्स कैंसिल हो रहे हैं वो फिर से शुरू हों। सबका धंधा चलना चाहिए, लेकिन जंग के माहौल में सबका धंधा चौपट है।”
उन्होंने बताया कि मौजूदा हालात का असर सिर्फ आम लोगों पर ही नहीं, बल्कि एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री पर भी पड़ रहा है। हालांकि ‘धुरंधर 2’ जैसी फिल्म अभी भी अच्छा बिजनेस कर रही है। अक्षय अपनी फिल्म ‘भूत बंगला’ के रिजल्ट को लेकर भी चिंतित नजर आए।
भूत बंगला 10 अप्रैल को होगी रिलीज
अक्षय इससे पहले भी व्हील ऑफ फॉर्च्यून शो में दुनिया भर के युद्धों पर चिंता जता चुके हैं और लोगों से प्रार्थना करने की अपील की थी। उनकी फिल्म ‘भूत बंगला’ 10 अप्रैल 2026 को रिलीज होगी, जिसमें वामिका गब्बी, तब्बू और राजपाल यादव मुख्य भूमिका में हैं। उन्होंने शांति और स्थिरता की जरूरत पर जोर दिया।
