वर्ल्ड कप ट्रॉफी को छूते नजर आए पूर्व कप्तान एमएस धोनी, BCCI ने कहा- दोनों एक-दूसरे के लिए बने

वर्ल्ड कप ट्रॉफी को छूते नजर आए पूर्व कप्तान एमएस धोनी

नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने शनिवार को मुंबई में बीसीसीआई मुख्यालय में आईसीसी वनडे विश्व कप ट्रॉफी के साथ फोटो क्लिक कराई। धोनी इस समय इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2024 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के छठे मैच के लिए मुंबई पहुंचे हैं। आज वानखेड़े स्टेडियम में उनका सामना मुंबई इंडियंस से होगा।

बीसीसीआई के एक सोशल मीडिया पोस्ट में धोनी वानखेड़े स्टेडियम में वनडे विश्व कप ट्रॉफी को छूते हुए दिखाई दे रहे हैं, जो मुंबई द्वारा जीती गई आईपीएल ट्रॉफी के साथ रखी गई थी। यह वही स्थान है, जहां धोनी ने 13 साल पहले श्रीलंका के खिलाफ वह प्रतिष्ठित छक्का लगाकर भारत को दूसरी विश्व कप ट्रॉफी दिलाई थी। बीसीसीआई ने इस फोटो के साथ कैप्शन दिया- एमएस धोनी-विश्व कप ट्रॉफी। एक-दूजे के लिए बने हैं।”

वानखेड़े में एमएस धोनी क्यों पहुंचे?

मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में धोनी आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे, क्योंकि सीजन की शुरुआत से पहले उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी। वह आईपीएल 2024 में चेन्नई के लिए अब तक सभी पांच मैचों में उतरे हैं। 42 साल की उम्र में भी धोनी अपने पुराने ग्लववर्क और धमाकेदार स्ट्रोक्स के साथ टीम का एक अहम सदस्य बने हुए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने 16 गेंदों में 37* रनों की पारी खेली थी।

दो सीटें होंगी सम्मानित, जानिए क्यों

वहीं, आज वानखेड़े में होनेवाला मुकाबला संभवतः इस मैदान पर उनकी आखिरी उपस्थिति होगी। यह स्टेडियम भी इस महान विकेटकीपर-बल्लेबाज के लिए एक विशेष महत्व रखता है क्योंकि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने उन दो सीटों को सम्मानित करने का फैसला किया था, जहां धोनी का विश्व कप विजेता छक्का लगा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *