पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी बांग्लादेश में भारत के अगले उच्चायुक्त नियुक्त

दिनेश त्रिवेदी बांग्लादेश में भारत के अगले उच्चायुक्त नियुक्त

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को घोषणा की कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। मंत्रालय के अनुसार, त्रिवेदी जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे। 75 वर्षीय त्रिवेदी राजनयिक प्रणय वर्मा का स्थान लेंगे, जो यूरोपीय संघ में भारत के राजदूत के रूप में ब्रुसेल्स जा रहे हैं। त्रिवेदी की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब भारत और बांग्लादेश कई क्षेत्रों में अपने संबंधों को मजबूत कर रहे हैं।

त्रिवेदी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल मे रेल मंत्री (2011-2012) और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री (2009-2011) रह चुके हैं। वे 2009 से 2019 तक अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के सांसद रहे और लोकसभा में बैरकपुर निर्वाचन क्षेत्र से प्रतिनिधित्व किया।

त्रिवेदी 2021 में बीजेपी में हो गए थे शामिल

उन्होंने 2021 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। इस वर्ष 13 अप्रैल को भारत और बांग्लादेश ने मीडिया प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान को बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। भारत के पूर्व उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वप्न से शिष्टाचार भेंट की।

उन्होंने सूचना एवं प्रसारण क्षेत्र में व्यापक सहयोग पर चर्चा की, जिसमें दोनों देशों के मीडिया एवं प्रसारण संस्थानों के बीच सहयोग भी शामिल है। उन्होंने जन-जन संबंधों को मजबूत करने और आपसी समझ को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों के बीच मीडिया प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान को बढ़ाने पर सहमति जताई। पूर्व उच्चायुक्त ने भारत सरकार के आईटीईसी कार्यक्रम के तहत पत्रकारों और मीडिया पेशेवरों के लिए विभिन्न क्षमता निर्माण पहलों का प्रस्ताव रखा।

बांग्लादेश की महिला पत्रकारों का होगा प्रशिक्षण

ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने एक बयान में कहा कि इन पहलों के तहत, बांग्लादेश की महिला पत्रकारों के लिए जल्द ही भारत में एक विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने फिल्म क्षेत्र में सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया, जिसमें एक-दूसरे के देशों में फिल्म स्क्रीनिंग और फिल्म समारोहों का आयोजन, साथ ही निर्माण और पोस्ट-प्रोडक्शन तकनीकी सहायता में सहयोग शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *