37 साल के हुए ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बनाए 5 ऐसे रिकॉर्ड, जिसे तोड़ पाना मुश्किल

37 साल के हुए 'हिटमैन' रोहित शर्मा

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा आज 37 साल के हो गए हैं। रोहित शर्मा ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस को 5 बार चैंपियन बनाया है। हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित ने कई अनोखे रिकॉर्ड बनाए, जिन्हें तोड़ पाना नामुमकिन है। आइए उनके जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनके इस रिकॉर्ड के बारे में…

वनडे में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर

रोहित शर्मा के नाम एक ही पारी में 264 रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 11 नवंबर 2014 को ईडन गार्डंस में श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा था। उन्होंने 173 गेंदों में 264 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 33 चौके और 9 छक्के जड़े थे।

रोहित शर्मा के 3 वनडे दोहरा शतक

रोहित शर्मा ने वनडे फॉर्मेट में तीन दोहरा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया। पुरुष वनडे क्रिकेट में अब तक कुल 10 दोहरे शतक लगे हैं, जिनमें से तीन ‘हिटमैन’ ने लगाए हैं। अन्य किसी खिलाड़ी ने एक से अधिक दोहरा शतक नहीं बनाया है।

एक वनडे पारी में सर्वाधिक 33 चौके

2014 में श्रीलंका के खिलाफ रोहित की 173 गेंदों में 264 रनों की पारी ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं, जिनमें से एक वनडे पारी में सर्वाधिक 33 चौकों का विश्व रिकॉर्ड है। वेस्टइंडीज के खिलाफ 25 चौकों के साथ सचिन तेंदुलकर इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।

एक वनडे विश्व कप में सर्वाधिक शतक

2019 वनडे वर्ल्ड कप में रोहित ने 9 मैचों में पांच शतकों की मदद से 648 रन बनाए थे। उन्होंने श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2015 विश्व कप में 4 शतक लगाए थे।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड

रोहित ने 597 छक्कों के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक छक्कों की सूची में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। उनके नाम एकदिवसीय प्रारूप में किसी एक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने 50 ओवर के प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगभग 100 छक्के लगाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *